शहर

यूपी विधानसभा चुनाव से पहले अखिलेश यादव का बड़ा दावा, सपा-बीजेपी के बीच अब 80-20 की नहीं बल्कि 95-5 की लड़ाई

Akhilesh Yadav: अखिलेश यादव ने दावा किया कि जब मुकाबला 95 और पांच प्रतिशत के बीच होगा तो भाजपा नेताओं को पता भी नहीं चलेगा कि वे कहां पहुंच गए हैं। इसी वजह से उनकी भाषा और व्यवहार में बदलाव आया है।

Image

अखिलेश यादव (फोटो साभार- @yadavakhilesh)

Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब राजनीतिक लड़ाई 80-20 की नहीं, बल्कि 95-5 की हो गई है। यादव ने कहा, "अब लड़ाई 80 और 20 प्रतिशत के बीच नहीं है। यह 95 और पांच प्रतिशत के बीच है। 95 प्रतिशत परेशान, दुखी और अपमानित लोग एक तरफ हैं और पांच प्रतिशत शोषण करने वाले लोग दूसरी तरफ हैं।"

'सपा और भाजपा के बीच मुकाबला 95 और 5 प्रतिशत का'

उन्होंने दावा किया कि जब मुकाबला 95 और पांच प्रतिशत के बीच होगा तो भाजपा नेताओं को पता भी नहीं चलेगा कि वे कहां पहुंच गए हैं। इसी वजह से उनकी भाषा और व्यवहार में बदलाव आया है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले 80-20 का राजनीतिक विमर्श पेश किया था, जिसमें उन्होंने बहुसंख्यक और शेष समुदायों के बीच राजनीतिक मुकाबले की बात कही थी। अब अखिलेश ने उसी विमर्श को पलटकर नया नारा दे दिया है।

राम मंदिर जाने पर क्या बोले अखिलेश यादव

अयोध्या में राम मंदिर जाने की योजना के बारे में पूछे जाने पर सपा प्रमुख ने कहा कि वह अयोध्या में राम मंदिर के दर्शन करेंगे और इसके अलावा इटावा के केदारेश्वर मंदिर व वृंदावन भी जाएंगे। उन्होंने पार्टी के पीडीए नारे को नया अर्थ देते हुए इसे 'पहले दर्शन, फिर आशीर्वाद' बताया। यादव ने कहा, "हमारे परिवार में शिव और राम दोनों हैं। हमारे साथ चाचा शिवपाल और रामगोपाल यादव भी हैं। अवधेश (अयोध्या से सपा के सांसद अवधेश प्रसाद) और पवन (अयोध्या से विधायक रहे पवन पांडेय) भी हमारे साथ हैं। फिर भाजपा इतनी घबराई हुई क्यों है?" इससे पहले सपा नेता पवन पांडेय ने कहा था कि यादव 12 दिसंबर को अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करेंगे।

मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों पर सरकार पर निशाना

मतदाता सूचियों में कथित गड़बड़ियों को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए यादव ने कहा कि यह अजीब संयोग है कि अखबारों में 1.27 करोड़ रुपये का गांजा पकड़े जाने की खबर आई, वहीं दूसरी ओर 1.27 करोड़ वोट काटे जाने की चर्चा है। उन्होंने चुनाव में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए मतदाताओं को ऐसे धातु के पहचान पत्र जारी करने का सुझाव दिया, जिनकी नकल नहीं की जा सके। साथ ही उन्होंने मतदाता सूचियों को आधार से जोड़ने की भी मांग की। यादव ने दावा किया कि लखनऊ, कानपुर और आगरा मेट्रो परियोजनाएं सपा सरकार की देन हैं और भाजपा सरकार 10 साल में मेट्रो नेटवर्क का विस्तार 10 सेंटीमीटर भी नहीं कर पाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि ठेकों में भ्रष्टाचार के कारण सड़कों और एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता प्रभावित हुई है, जिससे दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article