शहर

मेरठ में हाथरस जैसा कांड, प्रदीप महाराज की कथा में भगदड़, कई महिलाएं घायल

मेरठ में कथा वाचक प्रदीप मिश्रा के कार्यक्रम के दौरान भगदड़ मच गई, जिसमें कई महिलाओं के घायल होने की खबर है। कथा में एंट्री गेट पर मामूली रूप से कुछ अव्यवस्थाएं होने से कुछ महिलाएं नीचे गिरी है। जानकारी के मुताबिक, पिछले पांच शिव महापुराण की कथा परतापुर के मैदान में चल रही थी और आज आखिरी दिन था।

Image

प्रदीप महाराज

मेरठ में कथा वाचक प्रदीप मिश्रा के कार्यक्रम के दौरान भगदड़ मच गई, जिसमें कई महिलाओं के घायल होने की खबर है। कथा में एंट्री गेट पर मामूली रूप से कुछ अव्यवस्थाएं होने से कुछ महिलाएं नीचे गिरी है। जानकारी के मुताबिक, पिछले पांच शिव महापुराण की कथा परतापुर के मैदान में चल रही थी और आज आखिरी दिन था। आखिरी दिन पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए थे। वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर प्रशासन और पुलिस की टीम मौजूद है।

सुरक्षा के नहीं थे इंतजाम

मौके पर मौजूद लोगों ने खुद स्थिति को संभालने की कोशिश की और सभी घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया है। हालांकि, अभी किसी भी घायल की हालत नाजुक नहीं बताई जा रही है। बताया गया कि घटना गेट नंबर 1 पर हुई. मदद के लिए आसपास के गांव के लोग आए। अभी तक अधिकारियों की ओर से घटना पर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। जानकारी के मुताबिक एंट्री और एग्जिट के लिए अलग-अलग गेट बने थे, लेकिन ज्यादा भीड़ होने की दशा में सभी लोग एंट्री गेट से ही बाहर भी निकलने लगे। तभी लोग एक दूसरे पर गिर गए और भगदड़ मच गई।

घटना में घायलों के बारे में पूछे जाने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कुछ महिलाओं को मामूली चोटें आई हैं जो गिरने के कारण लगीं और उन्हें प्राथमिक उपचार मुहैया करा दिया गया है। उधर, नगर पुलिस अधीक्षक आयुष विक्रम सिंह ने एक बयान में कहा कि परतापुर क्षेत्र में प्रदीप मिश्रा के कार्यक्रम में भगदड़ की सूचना गलत है। भगदड़ नहीं मची है। यहां पर शांति-व्यवस्था कायम है। पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद हैं। साथ ही यहां पर एक एंबुलेंस और अस्पताल की टीम भी तैनात है। कोई भी हताहत नहीं हुआ है।

2 महिलाएं गिरीं

मेरठ के जिलाधिकारी दीपक मीणा ने कहा कि जानकारी के अनुसार समागम के प्रवेश द्वार के पास भीड़ जुट गई और इस दौरान एक-दो महिलाएं गिर गईं, जिनकी तुरंत मदद की गई। फिलहाल किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। मौके पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है। लोगों के फंसे होने की खबरों के बारे में पूछे जाने पर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया, ‘‘ऐसा कुछ नहीं है। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। उन्होंने कहा, ‘‘कार्यक्रम के लिए सभी जरूरी इंतजाम आवश्यकतानुसार किए गए हैं। मैंने और पुलिस अधीक्षक ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं और सुरक्षा तैनाती दोनों की योजना पहले से ही बना ली थी। आज कथा का छठा दिन है। सोशल मीडिया पर कुछ खबरें वायरल हो गईं जिनमें दावा किया गया कि परतापुर पुलिस थाना क्षेत्र में आयोजित की जा रही पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा में भगदड़ मच गई और कई महिलाएं तथा बुजुर्ग दब गए हैं।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article