शहर

Bhagalpur: विक्रमशिला सेतु क्षतिग्रस्त होने के बाद बढ़ी मुश्किलें, छोटी नावों से जान जोखिम में डाल झारखंड पहुंच रहे यात्री

बिहार के भागलपुर में विक्रमशिला सेतु क्षतिग्रस्त होने के बाद झारखंड जाने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कटिहार के मनिहारी गंगा घाट से लोग छोटी नावों के सहारे साहिबगंज पहुंचने को मजबूर हैं, जिससे हादसे का खतरा लगातार बना हुआ है। शादी-विवाह के सीजन में फेरी सेवा बंद होने से परेशानी और बढ़ गई है, हालांकि प्रशासन ने जल्द समाधान का भरोसा दिया है।

Image

नाव के सहारे यात्रा करते लोग

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Vikramshila Setu: बिहार के भागलपुर में विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने के बाद आम लोगों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। झारखंड की ओर जाने वाले यात्रियों को अब कटिहार के मनिहारी गंगा घाट से छोटी नावों के जरिए साहिबगंज तक सफर करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। इस दौरान लोग अपनी जान जोखिम में डालकर गंगा पार कर रहे हैं। शादी-विवाह के सीजन में स्थिति और भी गंभीर हो गई है, क्योंकि बड़ी संख्या में यात्री इस खतरनाक जल मार्ग का सहारा लेने को विवश हैं। लोगों का कहना है कि विवाह समारोह पहले से तय हैं, ऐसे में अचानक आई इस समस्या के बीच उनके पास यात्रा का कोई सुरक्षित और वैकल्पिक साधन नहीं बचा है।

नावों के जरिए गंगा पार कर झारखंड जाने को मजबूर

स्थिति की सबसे बड़ी चिंता यह है कि मनिहारी से साहिबगंज के बीच संचालित होने वाली आधिकारिक फेरी सेवा फिलहाल बंद पड़ी है। इसके बावजूद लोग छोटी नावों के जरिए गंगा पार कर झारखंड जाने को मजबूर हैं, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। इस मामले पर कटिहार के जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने कहा कि प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। उन्होंने बताया कि समस्या के समाधान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही फेरी सेवा को दोबारा शुरू कराने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।

विक्रमशिला सेतु का एक हिस्सा गिरा

गौरतलब है कि बिहार के भागलपुर जिले में बीते दिनों एक बड़ा हादसा हो गया, जिससे पूरे राज्य में हड़कंप मच गया। यहां विक्रमशिला सेतु का एक हिस्सा अचानक गंगा नदी में समा गया। बता दें कि पिलर नंबर 133 के पास स्लैब बैठने के कारण पुल का बीच वाला हिस्सा ढह गया, जिससे उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ने वाला यह अहम मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि समय रहते प्रशासन और पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए पुल पर वाहनों की आवाजाही रोक दी थी, जिससे एक बड़ी दुर्घटना होने से बच गई। फिलहाल लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article