वाराणसी

UP News: श्रावस्ती में दिखी सौतेली मां की क्रूरता, चिमटे और बेलने पिटकर की मासूम की हत्या

यूपी के श्रावस्ती में एक सौतेली मां ने आठ साल के मासूम बच्चे की चिमटे और बेलन से मार-मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि शौच के दौरान मासूम के कपड़े गंदे हो गए थे, जिससे नाराज महिला ने उसकी पिटाई की और बच्चे की मौत हो गई।

Image

श्रावस्ती में सौतेली मां ने 8 साल के मासूम की हत्या की (फोटो - टाइम्स नाउ नवभारत)

UP News: उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले के एक आठ साल के बच्चे की इतनी पिटाई की गई की उसकी मौत हो गई। यह घटना नवीन मॉडर्न थाना क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि बच्चे की हत्या उसी सौतेली मां ने कथित तौर पर बेलन और चिमटे से पिटाई करके की है। पुलिस ने बच्चे की हत्या करने वाले आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया है।

सौतेली मां ने की आठ साल के बच्चे की हत्या

पुलिस के अनुसार, बच्चे की पहचान दीपक के रूप में हुई है। यह घटना शनिवार को फत्तूपुर गांव की है जहां दीपक अपने पिता राजकुमार दूबे के घर पर अपनी दादी कौशल्या, सौतेली मां अर्चना दूबे और तीन वर्षीय बहन के साथ रहता था। बच्चे का पिता राजकुमार दिल्ली में मजदूरी करता है। दीपक की दादी कौशल्या ने कहा, "शनिवार सुबह वह (दीपक) पूरी तरह स्वस्थ था। मेरी बहू ने मुझे दवा लाने बाजार भेजा था। जब मैं वापस लौटीं, तो देखा कि दीपक का शव कमरे में चादर से ढका हुआ पड़ा है और उसके शरीर पर चोट के कई निशान थे।"

इस मामूली बात पर की बच्चे की हत्या

थाना प्रभारी शंभूनाथ सिंह ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में यह सामने आया है कि बच्चे ने शौच के दौरान अपने कपड़े गंदे कर लिये थे इसी बात से नाराज होकर सौतेली मां ने उसकी पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। ग्राम प्रधान राजकुमार यादव ने बताया कि शुरुआत में महिला ने अनभिज्ञता जताई, लेकिन बाद में ग्रामीणों के सामने उसने स्वीकार किया कि गुस्से में उसने बच्चे को चिमटे से मारा था जिससे बच्चा बेहोश हो गया और उसकी मौत हो गई।

पुलिस अधीक्षक घनश्याम चौरसिया ने बताया कि आरोपी महिला अर्चना दूबे को गिरफ्तार कर लिया गया है और वारदात में इस्तेमाल चिमटा और बेलन भी बरामद कर लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

(इनपुट - भाषा)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article