वाराणसी

PM Modi का 50वां वाराणसी दौरा, आमजन के लिए बंद रहेंगे ये रास्ते, यहां पढ़ें Traffic Advisory

PM Modi Varanasi Visit: आज यानी शुक्रवार, 11 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 50वां वाराणसी दौरा है। इस दौरान वह वाराणसी को कई परियोजनाओं की सौगात देंगे। पीएम के दौरे को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है, जिसमें प्रतिबंधित रास्तों के साथ डायवर्जन प्लान के बारे में भी बताया गया है।

Image

वाराणसी में पीएम मोदी का 50वां दौरा

PM Modi Varanasi Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज वाराणसी के 50वें दौरे पर हैं। यूपी की योगी सरकार के आठ साल पूरे होने के बाद आज यानी शुक्रवार, 11 अप्रैल को पीएम मोदी का पहला वाराणसी दौरा है। इस मौके पर वाराणसी को 3884.18 करोड़ रुपये की 44 विकास योजनाओं की सौगात मिल सकती है। जानकारी के लिए बता दें कि पीएम मोदी सुबह 10.30 बजे काशी पहुंचेंगे। पीएम की अगवानी राज्यपाल आनंदीबेन पटेल व सीएम योगी आदित्यनाथ करेंगे। उसके बाद राजातालाब के मेहंदीगंज में जनसभा को संबोधित करने के लिए जाएंगे। इस जनसभा में 50 हजार से अधिक लोगों के आने की संभावना है।

पीएम की सुरक्षा व कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए कई रूटों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित की गई है। साथ ही कई रास्तों पर डायवर्जन तैयार किया गया है, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। ट्रैफिक पुलिस ने यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। आइए आपको बताएं किन रास्तों पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी और क्या है डायवर्जन प्लान-

यहां देखें ट्रैफिक एडवाइजरी

  • रखौना से हरहुआ आने-जाने वाले रास्ते पर सुबह 5 से दोपहर 1 बजे तक भारी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।
  • जारी ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार, रखौना से हरहुआ केवल जनसभा से संबंधित वाहन जा पाएंगे, इसके अलावा अन्य वाहनों की आवाजाही पूरा तरह से प्रतिबंधित रहेगी।
  • रखौना से हरहुआ जाने वाले वाहन चालकों को मोहनसराय की तरफ डायवर्ट किया गया है। वाहन चालक राजातालाब से जंसा या अकेलवा से परमपुर अंडरपास चौराहा से रिंग रोड से होते हुए कोइराजपुर ओवरब्रिज से आगे अपने गंतव्य की ओर जा सकते हैं।
  • हरहुआ से प्रयागराज जाने वाले छोटे वाहनों को रिंग रोड से आगे बढ़ सकते हैं।
  • प्रयागराज जाने वाले अन्य वाहन कोइराजपुर ओवरब्रिज से सर्विस रोड होते हुए परमपुर अंडरपास चौराहा से जंसा या अकेलवा होते हुए आगे बढ़ सकते हैं।

यहां होगी जनसभा के वाहनों की पार्किंग

जानकारी के अनुसार, हरहुआ से आने वाले जनसभा से संबंधित वाहन अपनी बाएं लेन से होते हुए रिंग रोड के पास वाहनों को पार्क करेंगे। वहीं रखौना की तरफ से जनसभा से संबंधित आने वाले वाहन बाएं लेन में रिंग रोड के पास वाहनों की पार्किंग करेंगे और यहां से आगे पैदल जाएंगे।

पीएम मोदी के वाराणसी दौरे को ध्यान में रखते हुए एडीसीपी ट्रैफिक राजेश कुमार पांडेय ने सुबह 5 से दोपहर 1 बजे तक आमजन से ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है। साथ ही किसी भी कार्य से बाहर जा रहे लोगों से अतिरिक्त समय लेकर यात्रा करने की सलाह दी गई है, ताकि वाहनों के दबाव के चलते लगने वाले ट्रैफिक जाम की स्थिति में गंतव्य पर देरी से पहुंचने पर समस्या का सामना न करना पड़े।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article