Sonipat Factory Fire: हरियाणा के सोनीपत जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। गांव बारोटा के पास सफियाबाद रोड स्थित 'लीजेंड पॉलीफॉर्म प्राइवेट लिमिटेड' के वेयरहाउस में गुरुवार तड़के भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से दो कर्मचारियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से झुलस गए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह भयानक आग गुरुवार सुबह करीब 4 बजे लगी। फैक्ट्री में फोम बनाने का काम किया जाता था। हादसे के समय मजदूर नाइट शिफ्ट में काम कर रहे थे। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और परिसर में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है, लेकिन वास्तविक वजह पता करने के लिए जांच की जा रही है।
घटनास्थल से मिले दो कंकाल
इस हादसे में राजेश और प्रेम सागर नाम के दो कर्मचारी आग में गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को बहालगढ़ स्थित पी-मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, घटनास्थल से दो कर्मचारियों के कंकाल मिलने की जानकारी मिली है। उनके परिजन अन्य कर्मचारियों की स्थिति को लेकर भी परेशान हैं।
आठ दमकल गाड़ियों ने छह घंटे में पाया आग पर काबू
आग लगने की सूचना सुबह करीब चार बजे दमकल विभाग को दी गई। इसके बाद आठ दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। आग इतनी भीषण थी कि दमकल कर्मियों को इसे काबू करने में करीब छह घंटे लगे। सुबह लगभग दस बजे आग पर काबू पाया जा सका।
दमकल विभाग के अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि आग लगने के कारणों का पता लगाने की प्रक्रिया जारी है। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हादसे के बाद कर्मचारियों के परिजन फैक्ट्री पहुंचकर अपने परिवार के सदस्यों की जानकारी लेने की कोशिश कर रहे हैं। जिन कर्मचारियों के बारे में अभी स्पष्ट जानकारी नहीं है, उनके परिवारों में चिंता बनी हुई है।
