Kolkata Durga Puja News: इस साल दुर्गा पूजा के दौरान भक्तों के मन में एक ही सवाल है कि कौन से पंडाल में जाएं और कौन सा छोड़ें, क्योंकि लगभग हर जगह यूनिक थीम पर पंडाल बनाए गए हैं। इसी कड़ी में दक्षिण कोलकाता का अलीपुर सर्वजनीन पूजा पंडाल हमेशा की तरह इस बार भी कुछ नया और अद्भुत करने जा रहा है। इस साल अलीपुर सर्वजनीन पूजा कमेटी ने अपने पंडाल की थीम 'रामायण' रखी है।
रामायण की कथा के अनुसार सजाया गया पंडाल
पूरे पंडाल को रामायण की कथा के अनुसार सजाया गया है। पंडाल की दीवारों पर चित्रों के जरिए रामायण की पूरी कहानी को दर्शाने की कोशिश की गई है, ताकि दर्शन करने आए भक्त प्रभु श्रीराम के जीवन चरित्र को करीब से समझ सकें। इस पंडाल की सबसे यूनिक और इंटरेस्टिंग बात यह है कि यहां भक्तों को सिर्फ सजावट ही नहीं, बल्कि लाइव परफॉर्मेंस भी देखने को मिलेगी। पंडाल के अंदर अलग-अलग जगहों पर कलाकार लाइव प्रस्तुति देंगे। कहीं रावण के गुस्से का मंचन होगा तो कहीं कठपुतली के जरिए रामायण के प्रसंगों को दिखाया जाएगा। यह अनुभव भक्तों के लिए बिल्कुल नया होगा।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- Jantar Mantar अब धरना स्थल नहीं, रामलीला मैदान से बुराड़ी तक, कहां कितनी जगह, कितना लगेगा पैसा?
प्राचीन विरासत को पंडाल में किया गया जीवंत
आयोजकों के मुताबिक, यह पंडाल रामायण की उस अद्भुत यात्रा को दर्शाता है जो सदियों, क्षेत्रों, भाषाओं और संस्कृतियों से होकर गुजरी है और लगातार नए रूपों में ढलती रही है। वाल्मीकि और कृत्तिवास से लेकर तुलसीदास तक और भारत के साथ-साथ दक्षिण-पूर्व एशिया की विविध लोक परंपराओं में रामायण को साहित्य, चित्रकला, लोक कला, रंगमंच, सिनेमा और टेलीविजन के जरिए बार-बार सुनाया और नए सिरे से कल्पित किया गया है। उसी विरासत को इस पंडाल में जीवंत किया गया है। हर साल की तरह इस साल भी अलीपुर सर्वजनीन में भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है।
