Yes Bank के शेयर में गुरुवार को बड़ी गिरावट आई है। शेयर 15% टूटकर 18.29 रुपये पर पहुंच गया है। अगर आपने इस स्टॉक में निवेशक हैं तो यह गिरावट आपको परेशान कर रही होगी। आइए जानते हैं कि इनती बड़ी गिरावट क्यों आई है? अब आगे क्या होगा?
SC के इस फैसले से टूटा शेयर
आज यस बैंक को झटका देते हुए, सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को बॉम्बे हाई कोर्ट के 2023 के उस फैसले को बरकरार रखा, जिसमें बैंक के 8,415 करोड़ रुपये के 'एडिशनल टियर-1' (AT1) बॉन्ड को राइट-ऑफ (बट्टे खाते में डालने) करने के कदम को रद्द कर दिया गया था। यस बैंक ने मार्च 2020 में, अपने वित्तीय संकट के बाद एक पुनर्गठन योजना के तहत इन बॉन्ड को राइट-ऑफ कर दिया था। रिलायंस निप्पॉन जैसे म्यूचुअल फंड सहित संस्थागत निवेशकों और खुदरा निवेशकों ने इन बॉन्ड में 8,415 करोड़ रुपये का निवेश किया था।
इसके बाद बॉन्डधारकों ने बॉम्बे हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया, जिसमें उन्होंने 'राइट-ऑफ' (बट्टे खाते में डालने) को चुनौती दी और अपने निवेश की वसूली की मांग की। जनवरी 2023 में हाई कोर्ट ने उनके पक्ष में फैसला सुनाया, जिसके बाद यस बैंक, आरबीआई और केंद्र सरकार ने इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी।
SEBI ने जुर्माना लगाया था
2021-2022 में, मार्केट रेगुलेटर 'सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया' (SEBI) ने यस बैंक के पूर्व MD और CEO राणा कपूर पर गलत तरीके से उत्पाद बेचने (mis-selling) के लिए जुर्माना लगाया था। SEBI ने कहा था कि जोखिमों के बारे में पूरी जानकारी नहीं दी गई थी और वरिष्ठ नागरिकों सहित ऐसे ग्राहकों को ये बॉन्ड बेचे गए, जिनके लिए ये उपयुक्त नहीं थे।
एडमिनिस्ट्रेटर द्वारा AT-1 बॉन्ड को राइट-डाउन (मूल्य कम या शून्य) करने के फैसले को जनवरी 2023 में बॉम्बे हाई कोर्ट ने रद्द कर दिया था। इसके बाद, मार्च 2023 में यस बैंक ने इस फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अपील की।
क्या करें निवेशक?
मार्केट एक्सपर्ट का कहना है कि बैंक के शेयर में और बड़ी गिरावट आ सकती है। इसलिए अभी इस गिरावट में कोई निवेश करने की नहीं सोचे। पुराने निवेशक अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह लेकर फैसला लें।
