शहर

Delhi: तंत्र-मंत्र से गड़ा सोना निकालने के नाम पर बुजुर्ग से ठगे 54 लाख, नशा देकर बेहोश किया फिर लूटे गहने-नकदी

Delhi News: दिल्ली पुलिस के शाहदरा स्पेशल स्टाफ ने गड़ा सोना निकालने के नाम पर 79 वर्षीय बुजुर्ग से लाखों की ठगी करने वाले तांत्रिक और उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया है।

Image

पुलिस की गिरफ्त में तांत्रिक

Delhi News: राजधानी दिल्ली के शाहदरा जिले की स्पेशल स्टाफ पुलिस टीम ने तंत्र-मंत्र और अंधविश्वास के नाम पर एक 79 वर्षीय बुजुर्ग के साथ हुई भारी ठगी और चोरी के सनसनीखेज मामले का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी तांत्रिक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी की पहचान ताहसिन उर्फ कृष्णा शर्मा उर्फ कृष्णा पंडित के रूप में हुई है, जिसे उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर स्थित अंबा विहार से दबोचा गया। इसके साथ ही पुलिस ने उसके दो अन्य सहयोगियों शोएब अली और महाकादर खान को भी गिरफ्तार किया, जिन पर बुजुर्ग को तांत्रिक से मिलवाने का आरोप है।

पहले दिया नशीला पदार्थ, अलमारी से उड़ाए गहने

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने बुजुर्ग को घर में पैतृक सोना गड़े होने और उसे तंत्र-मंत्र से बाहर निकालने का झांसा दिया। आरोपियों ने पूजा-पाठ का नाटक रचने के लिए मिट्टी से भरे बर्तनों और नकली सोने की ईंटों का इस्तेमाल किया था। आरोपियों ने बुजुर्ग को पूजा-अनुष्ठान के नाम पर लगभग 39.30 लाख रुपये नकद और UPI के जरिए ट्रांसफर करने के लिए राजी कर लिया। पीड़ित बुजुर्ग के अनुसार, तंत्र-मंत्र की रस्म के दौरान उन्हें कोई नशीला पदार्थ पिला दिया गया, जिससे वह बेहोश हो गए। जब उन्हें होश आया तो घर की अलमारी से करीब 15 लाख रुपये के सोने के गहने गायब थे।

मास्टरमाइंड की दोहरी पहचान और पुलिस की बरामदगी

जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि मुख्य आरोपी ताहसिन असल में 'कृष्णा शर्मा' नाम के व्यक्ति की फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर खुद को 'कृष्णा पंडित' बताकर लोगों को ठगता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2.73 लाख रुपये नकद, एक स्कॉर्पियो, 11 अंगूठियां, तांत्रिक के कपड़े, दो आधार कार्ड, एक पैन कार्ड, एक एटीएम कार्ड और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

BNS की धाराओं में मामला दर्ज

इस पूरे घटनाक्रम के संबंध में दिल्ली के सीमापुरी थाने में FIR नंबर 622/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 305, 123 और 3(5) के तहत आपराधिक मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस बात की गहन जांच कर रही है कि ठगी की गई बाकी रकम का लेन-देन कहां-कहां हुआ, गिरोह में अन्य कौन-कौन से लोग शामिल हैं और क्या इस गिरोह ने दिल्ली-एनसीआर में अन्य लोगों को भी अपना शिकार बनाया है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article