वाराणसी

Varanasi: खतरे के निशान के करीब पहुंची गंगा, घाट बंद; गलियों में चल रही नाव

वाराणसी में गंगा और वरुणा नदियों के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी के कारण बाढ़ का खतरा गहराया है। कई इलाके डूब गए हैं और हजारों लोग पलायन कर चुके हैं। प्रशासन ने नमो घाट बंद कर दिया है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

Image

बनारस पर मंडरा रहा बाढ़ का खतरा (तस्वीर साभार | ANI)

Photo : ANI

Ganga Flood In Varanasi: वाराणसी में गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और स्थिति बेहद गंभीर होती जा रही है। गंगा अब खतरे के निशान के करीब पहुंच चुकी है, जिससे शहर में बाढ़ का खतरा गहराता जा रहा है। प्रशासन ने एहतियातन नमो घाट को सैलानियों के लिए पूरी तरह से बंद कर दिया है और स्थिति के लिहाज से अलर्ट पर है।

भीषण बाढ़ का खतरा

गंगा का पानी अब रिहायशी इलाकों की ओर तेजी से बढ़ रहा है। कई इलाकों की गलियों में नाव चल रही हैं, जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि हालात कितने चिंताजनक हो चुके हैं। अगर यही हालात रहे तो आशंका जताई जा रही है कि इस बार की बाढ़ 1978 के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ सकती है।

वरुणा भी उफान पर

गंगा की सहायक नदी वरुणा भी विकराल रूप में है। निचले इलाकों में वरुणा ने जबरदस्त तबाही मचाई है। कई मोहल्ले जलमग्न हो चुके हैं और हजारों लोगों को अपना घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन करना पड़ा है। प्रशासन ने स्थिति को गंभीर मानते हुए अलर्ट जारी कर दिया है। राहत और बचाव कार्य के लिए टीमें तैनात की जा रही हैं। काशी में गंगा का जलस्तर करीब 3 सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है, जिससे हालात और बिगड़ने की आशंका है।

पर्यटन पर भी पड़ा असर

बढ़ते जलस्तर की वजह से घाटों पर आवाजाही रोक दी गई है। खासतौर पर नमो घाट, जो हाल के वर्षों में वाराणसी का एक प्रमुख आकर्षण बना है, उसे फिलहाल सैलानियों के लिए बंद कर दिया गया है। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और प्रशासन भी अलर्ट पर है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से अपील की गई है कि वे सुरक्षित स्थानों पर जाएं और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article