Varanasi News: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में पुलिस ने एक बड़े ठग को गिरफ्तार किया है, जो खुद को सेना का अधिकारी बताकर बताकर महिलाओं को शादी का झांसा देता था और पैसों की ठगी करता था। आरोपी के खिलाफ चितईपुर थाने में एक महिला की शिकायत पर कार्रवाई की गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
फर्जी पहचान से देता था धोखा
पुलिस के अनुसार, आरोपी मूल रूप से तेलंगाना के पेडापल्ली जिले का रहने वाला है। जो खुद को राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) का कमांडो और NIA का अधिकारी बताकर लोगों को गुमराह करता था। उसने फर्जी आईडी कार्ड बनवा रखे थे, जिनका इस्तेमाल वह अपनी पहचान छिपाने और सरकारी अधिकारी दिखने के लिए करता था। उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके पास से कई फर्जी पहचान पत्र और सेना से जुड़े कई सामान भी बरामद किए हैं।
कई महिलाओं को बनाया निशाना
आरोपी ने अब तक करीब 25 महिलाओं को शादी का झांसा देकर धोखा दिया है और करीब 40 लाख रुपये की ठगी की है। पुलिस जांच में सामने आया है कि वह तीन महिलाओं से शादी भी कर चुका है। पुलिस ने जानकारी दी कि तेलंगाना में एक पीड़ित महिला ने उसकी मिसिंग रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। कई महिलाओं से वह सोशल मीडिया पर बड़े नेताओं और अधिकारियों के साथ एडिट की गई तस्वीरें पोस्ट करता था, ताकि खुद को प्रभावशाली और सरकारी अफसर साबित कर सके।
महिला की शिकायत से खुली पोल
इस ठग की पोल तब खुली जब एक चंदौली की रहने वाली पीड़ित महिला ने चितईपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। महिला ने बताया कि आरोपी ने उससे शादी का वादा कर उसके साथ भावनात्मक और आर्थिक शोषण किया। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। चितईपुर पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, फर्जीवाड़ा और शादी के नाम पर ठगी जैसी धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
