शहर

घाटी में वंदे भारत पहुंचने की तारीख नजदीक है, पीएम मोदी दिखाएंगे हरी झंडी!

कश्मीर घाटी में जल्द ही वंदे भारत एक्सप्रेस पहुंचने वाली है। कहा जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 जून को कटरा से बारामूला के लिए वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखा सकते हैं। इसके साथ ही अब कश्मीर घाटी के लोग भी अत्याधुनिक वंदे भारत ट्रेन का सफर कर पाएंगे।

Image

कश्मीर घाटी में चलेगी वंदे भारत ट्रेन

Photo : Twitter

वंदे भारत एक्सप्रेस देश की सबसे तेज और प्रतिष्ठित ट्रेन है। यह ट्रेन न सिर्फ रफ्तार के लिए जानी जाती है, बल्कि सुरक्षा और सुविधाओं के लिए भी अलग पहचान रखती है। देश के ज्यादातर हिस्सों में यात्रियों को तेजी से उनके गंतव्य तक पहुंचा रही यह ट्रेन अब जल्द ही कश्मीर घाटी में भी ट्रैक पर दौड़ती दिखेगी। जम्मू में कटरा टाउन से कश्मीर वैली के बीच रूट तैयार है और उम्मीद है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 जून को हरी झंडी दिखाकर कश्मीर घाटी को उसकी पहली वंदे भारत एक्सप्रेस सौंपेंगे।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार 6 जून को कश्मीर घाटी के लिए वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखा सकते हैं। यह ट्रेन जम्मू क्षेत्र में कटरा से कश्मीर घाटी के बारामूला तक जाएगी। ट्रेन की सेवाएं शुरू करने के लिए सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। वंदे भारत ट्रेन कश्मीर में बारामूला लिंक पर चलेगी और देश के सबसे ऊंचे चेनाब ब्रिज से होकर गुजरेगी।

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले इस रूट पर वंदे भारत ट्रेन का उद्घाटन 19 अप्रैल को करने वाले थे। लेकिन यहां खराब मौसम के कारण इस आयोजन को टाल दिया गया था। इसके बाद 22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकवादी हमला हो गया, जिसके कारण इस रूट पर वंदे भारत का उद्घाटन लगातार टलता रहा। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कटरा से बारामूला के लिए ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे और बारामूला से कटरा के लिए भी ट्रेन को वर्चुअल तरीके से रवाना करेंगे।

घाटी में वंदे भारत ट्रेन की सेवाएं शुरू होने से अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले तीर्थयात्रियों को भी लाभ मिलेगा। जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर जाम और लैंडस्लाइड की वजह से यात्रियों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ज्ञात हो कि इस साल अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से शुरू हो रही है और यह 38 दिन तक चलेगी, जो 9 अगस्त को समाप्त होगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कटरा स्टेडियम में एक रैली को संबोधित भी करेंगे और वह चेनाब नदी पर बने दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे ब्रिज का दौरा भी करेंगे। यही नहीं वह रियासी जिले में पहले रेलवे केबल ब्रिज को देखने भी जाएंगे।

फिलहाल ट्रेन कटरा से बारामूला तक जाएगी। हालांकि, जम्मू रेलवे स्टेशन पर एक्सपेंशन का काम पूरा हो जाने के बाद यह ट्रेन जम्मू से चलेगी। फिलहाल जम्मू स्टेशन पर प्लेटफॉर्म की संख्या बढ़ाने का काम चल रहा है। उम्मीद की जा रही है कि इसी साल अगस्त-सितंबर तक ट्रेन जम्मू से बारामूला तक चलने लगेगी।

फिलहाल दिल्ली या देश के अन्य हिस्सों से कश्मीर के लिए कोई सीधी ट्रेन नहीं है। यात्रियों को अभी कटरा स्टेशन पर उतरकर कश्मीर के लिए ट्रेन लेनी होगी, जो आगे चलकर कटरा की जगह जम्मू स्टेशन से होगा।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article