शहर

'ठाकोर, चौहान और चौधरी' लिखाने की फेंटेसी पर ब्रेक! गाड़ियों पर जातिसूचक शब्द मेंशन करने पर होगा एक्शन; गुजरात में आया नया नियम

गुजरात सरकार ने निजी वाहनों पर जातिसूचक शब्द, चिह्न, स्टिकर और लिखावट प्रदर्शित करने पर प्रतिबंध लगा दिया है। इसके लिए गुजरात मोटर वाहन नियम, 1989 में संशोधन किया गया है

Image

गुजरात में निजी वाहनों पर जातिसूचक शब्द और चिह्न लगाने पर प्रतिबंध (फोटो-AI)

गुजरात में अब निजी वाहनों पर जाति दर्शाने वाले शब्द, चिह्न, संकेत, आकृतियां या किसी भी तरह का जातिसूचक लिखावट प्रदर्शित नहीं की जा सकेगी। राज्य सरकार ने इस पर रोक लगाने के लिए गुजरात मोटर वाहन नियम, 1989 में संशोधन किया है। नया नियम दोपहिया, तिपहिया, कार, बस और ट्रक सहित सभी प्रकार के निजी वाहनों पर लागू होगा।

राज्य के बंदरगाह एवं परिवहन विभाग ने 17 नवंबर 2026 को ‘गुजरात मोटर वाहन (तीसरा संशोधन) नियम, 2026’ अधिसूचित किए हैं। इसके तहत नियम 125 के उपनियम (1) में ‘No advertising device, figure’ की जगह ‘No advertising device, caste signage, figure’ शब्द जोड़े गए हैं। यानी वाहनों पर प्रदर्शित किए जाने वाले विज्ञापन उपकरणों और आकृतियों से संबंधित प्रावधान में अब जाति दर्शाने वाले संकेतों को भी स्पष्ट रूप से शामिल किया गया है।

इसके अलावा नियम 138 में उपनियम (2) के बाद नया उपनियम (3) जोड़ा गया है। इसके मुताबिक, राज्य सरकार के सामान्य या विशेष आदेश से अनुमति प्राप्त अपवादों को छोड़कर किसी भी निजी वाहन पर विज्ञापन उपकरण, जाति दर्शाने वाला चिह्न, आकृति या किसी भी प्रकार का लिखित संदेश प्रदर्शित नहीं किया जा सकेगा।

जून में जारी हुआ था मसौदा

इस संशोधन के मसौदा नियम 11 जून 2026 को गुजरात सरकार के असाधारण राजपत्र में प्रकाशित किए गए थे। इस पर प्रभावित लोगों से 30 दिनों के भीतर आपत्तियां और सुझाव मांगे गए थे। सरकार के मुताबिक, निर्धारित अवधि में कोई आपत्ति या सुझाव प्राप्त नहीं हुआ। इसके बाद अब अंतिम नियम अधिसूचित कर दिए गए हैं।

नए प्रावधान के तहत निजी वाहनों पर जाति आधारित पहचान प्रदर्शित करने वाले शब्दों और चिह्नों को मोटर वाहन नियमों के दायरे में लाया गया है। हालांकि, राज्य सरकार सामान्य या विशेष आदेश के जरिए कुछ मामलों में छूट दे सकेगी।

Dhruv Sanchania
ध्रुव संचानियाauthor

ध्रुव संचानिया गुजरात में टाइम्स नेटवर्क के सीनियर जर्नलिस्ट और ब्यूरो चीफ के पद पर कार्यरत हैं। ध्रुव ने प्रिंट, रेडियो, डिजिटल और टीवी पर शानदार काम किया है। क्राइम, इन्वेस्टिगेशन से लेकर इंसानी कहानियों तक में उनका काम गहराई से भरा होता है। जब वह हेडलाइन के पीछे नहीं भाग रहे होते तो वह सड़कों, सिनेमा और अगली छिपी हुई कहानी के पीछे भाग रहे होते हैं। उनका काम ऐसा है जो उन्हें अलग ला खड़ा करता है।

और पढ़ें
End of Article