Ballia News: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से आंगनबाड़ी केंद्र की बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां एक 5 साल के मासूम बच्चे को क्लासरूम में बंद करके आंगनबाड़ी संचालिका घर चली गई। बच्चा काफी देर तक कमरे में बंद रोता रहा। बाद में ग्रामीणों ने ताला तोड़कर उसे बाहर निकाला। घटना के बाद गांव में हंगामा हो गया और शुक्रवार को गुस्साए ग्रामीण स्कूल पहुंचकर विरोध करने लगे।
बलिया में आंगनबाड़ी की बड़ी लापरवाही
घटना गुरुवार की है। मामला नगरा शिक्षा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय तिरनई मौलाराई परिसर में चल रहे आंगनबाड़ी केंद्र का है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह के मुताबिक, शिवम नाम का 5 साल का बच्चा आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ने आया था। छुट्टी के समय संचालिका ने यह चेक किए बिना ही ताला लगा दिया कि सभी बच्चे चले गए हैं या नहीं। इसी लापरवाही के कारण शिवम अंदर ही बंद रह गया। बताया जा रहा है कि बच्चा काफी देर तक कमरे के अंदर रोता रहा। इसी दौरान एक महिला स्कूल में वॉटर प्यूरीफायर के पास हाथ धोने गई थी। उसने बच्चे की रोने की आवाज सुनी और तुरंत आसपास के ग्रामीणों को जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और ताला तोड़कर बच्चे को बाहर निकाला। तब जाकर बच्चे की जान में जान आई।
ग्रामीणों ने किया जमकर हंगामा
घटना की जानकारी फैलते ही शुक्रवार को गुस्साए ग्रामीण स्कूल पहुंच गए। उन्होंने स्कूल प्रशासन से सवाल किया कि आखिर इतनी बड़ी लापरवाही कैसे हुई। इस दौरान ग्रामीणों और स्कूल वालों के बीच तीखी बहस भी हुई। माहौल बिगड़ता देख ग्राम प्रधान ने बीच-बचाव किया और ग्रामीणों को शांत कराया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन की जिम्मेदारी जिला कार्यक्रम अधिकारी की है। उन्होंने नगरा के खंड शिक्षा अधिकारी रत्ना शंकर पांडेय को मामले की जांच कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद संबंधित विभाग को भेजी जाएगी और फिर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- शादी का झांसा देकर 14 महिलाओं का किया शोषण
हो सकता था बड़ा हादसा
ग्रामीणों का कहना है कि अगर महिला ने समय पर बच्चे की आवाज नहीं सुनी होती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। बच्चा अंधेरे कमरे में डर के मारे बेहोश भी हो सकता था। ग्रामीणों ने मांग की है कि लापरवाह संचालिका के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो, ताकि आगे से ऐसी घटना दोबारा न हो। फिलहाल प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं। अब सबकी नजर इस बात पर है कि जांच रिपोर्ट में क्या सामने आता है और दोषी पर क्या कार्रवाई होती है।
