उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का 91 वर्ष की उम्र में शुक्रवार को निधन हो गया। बताया जा रहा है कि उम्र संबंधी बीमारियों के चलते मां सावित्री देवी का निधन हुआ। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित पंचूर गांव में अंतिम सांस ली, जहां मां के अंतिम दर्शन के लिए योगी आदित्यनाथ पहुंचे।
भावुक हुए CM योगी
योगी आदित्यनाथ शुक्रवार की शाम मां के अंतिम दर्शन के लिए पैतृक गांव पहुंचे, जहां पर मां का पार्थिव शरीर देखकर वह भावुक हो गए। उनकी एक तस्वीर सामने आई है। जिसमें भावुक योगी आदित्यनाथ अपनी मां को एकटक देखे जा रहे हैं।
PM मोदी ने CM योगी को मिलाया फोन
पीएम नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से फोन पर बात की और उनकी मां के निधन पर शोक व्यक्त किया। सूत्रों के हवाले से यह जानकारी सामने आई।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में, सावित्री देवी के निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा, ''उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की माताजी सावित्री देवी जी के स्वर्गवास का समाचार सुनकर मुझे दुख की अनुभूति हुई है। जीवन के किसी भी पड़ाव पर मां का साया उठ जाना सबसे बड़ा और असहनीय आघात होता है।''
उन्होंने पोस्ट में कहा, ''शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं योगी जी और समस्त परिवार के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।''
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: CM योगी की मां सावित्री देवी का निधन, 91 साल की उम्र में ली अंतिम सांस; PM मोदी-अखिलेश ने जताया शोक
हृदयविदारक समाचार
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी सावित्री देवी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने इसे अत्यंत दुखद और हृदयविदारक समाचार बताते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है और उनका निधन परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।
