शहर

Meerut Crime: मेरठ के 'सांप कांड' में कोर्ट का बड़ा फैसला, पति की हत्या में पत्नी-प्रेमी दोषी करार; 16 अक्टूबर को सजा

Meerut Crime: मेरठ के अकबरपुर सादात गांव में हुए चर्चित अमित कश्यप हत्याकांड में कोर्ट ने पत्नी रविता और उसके प्रेमी अमरदीप को दोषी ठहराया है। दोनों ने सांस घोंटकर अमित की हत्या की थी और वारदात को हादसे का रूप देने के लिए शव के नीचे सांप दबा दिया था।

Image

मेरठ सांप कांड

Photo : Times Now Digital

Meerut Crime: उत्तर प्रदेश के मेरठ में पिछले साल हुए बेहद सनसनीखेज और अजीबोगरीब 'सांप कांड' में अदालत का बड़ा फैसला आ गया है। बहसूमा थाना क्षेत्र के अकबरपुर सादात गांव (Meerut Snake Murder Case) में रहने वाले अमित कश्यप की हत्या के मामले में कोर्ट ने उसकी पत्नी रविता और उसके पड़ोसी प्रेमी अमरदीप को दोषी ठहराया है।

अपर जिला जज कोर्ट संख्या-12 ने दोनों पक्षों की दलीलें और सबूतों को देखने के बाद यह फैसला सुनाया। अब अदालत 16 अक्टूबर को दोनों की सजा तय करेगी। यह पूरा वाकया 12 अप्रैल 2025 की रात का है। अमित अपने घर में संदिग्ध हालात में मृत पाया गया था। चौंकाने वाली बात यह थी कि जब अमित का शव हटाया गया, तो उसके नीचे एक जिंदा सांप दबा हुआ मिला।

पोस्टमार्टम ने बदली पूरी कहानी

पहली नजर में घर वालों और ग्रामीणों को लगा कि अमित की मौत सांप के काटने से हुई है। हालांकि, जब पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, तो पूरी कहानी पलट गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साफ हुआ कि अमित की मौत जहर से नहीं, बल्कि गला घोंटकर दम घुटने से हुई थी। उसके गले पर चोट के निशान भी मिले थे। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

एक हजार रुपये में खरीदकर लाया था सांप

जांच के दौरान खुलासा हुआ कि अमित की पत्नी रविता और उसके साथ काम करने वाले पड़ोसी अमरदीप के बीच अवैध संबंध थे। दोनों ने मिलकर अमित को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया। हत्या के बाद मामले को कुदरती मौत का रूप देने के लिए अमरदीप ने एक सपेरे से पूजा का बहाना बनाकर 1,000 रुपये में सांप खरीदा था।

अदालत में सपेरे ने खुद गवाही दी कि अमरदीप उससे सांप ले गया था। इसके अलावा वारदात के समय दोनों के बीच हुई कॉल डिटेल भी अदालत में अहम सबूत बनी। साढ़े 17 महीने चली कानूनी लड़ाई और गवाहों के बयानों के आधार पर अदालत ने दोनों को हत्या का दोषी माना।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article