शहर

Jamui News: अस्पताल में चार घंटे में तीन मौतों से हड़कंप, भड़कीं मंत्री श्रेयसी सिंह; DM आवास पहुंचकर की FIR की मांग

Jamui News: बिहार के जमुई सदर अस्पताल में मात्र चार घंटे के अंदर दो प्रसूता महिलाओं और एक नवजात शिशु की मौत के बाद हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही बिहार सरकार की मंत्री श्रेयसी सिंह अस्पताल पहुंचीं और ड्यूटी से महिला डॉक्टर के गायब रहने पर नाराजगी जताई।

Image

3 मौतों के बाद एक्शन में श्रेयसी सिंह

Photo : Times Now Digital

Jamui News: बिहार के जमुई स्थित सदर अस्पताल से एक बेहद दुखद और हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां महज चार घंटे के भीतर दो प्रसूता महिलाओं और एक नवजात शिशु की मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद अस्पताल परिसर में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सरकारी दावों के बीच इतनी कम अवधि में हुई तीन मौतों ने जिले की चरमराती स्वास्थ्य सेवाओं पर फिर से बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

लगातार मौतों की खबर मिलते ही बिहार सरकार की खेल एवं उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह तुरंत सदर अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मिलकर उनका दर्द बांटा और पूरी घटना की जानकारी ली। जब मंत्री ने अस्पताल के रोस्टर की जांच की, तो पता चला कि ऑन-ड्यूटी महिला चिकित्सक डॉ. शालिनी कुमारी अस्पताल से गायब थीं। इस घोर लापरवाही को देखकर मंत्री का गुस्सा फूट पड़ा।

उन्होंने इमरजेंसी में मौजूद डॉक्टरों और अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. थनिश कुमार को सख्त लहजे में फटकार लगाई। श्रेयसी सिंह ने साफ शब्दों में कहा कि इलाज के नाम पर किसी भी मरीज की जिंदगी के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अस्पताल में व्यवस्था का जायजा लेने के बाद मंत्री श्रेयसी सिंह सीधे जिलाधिकारी नवीन कुमार के आवास पर पहुंचीं। उन्होंने डीएम से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वाले डॉक्टरों पर एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने को कहा।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जिलाधिकारी नवीन कुमार ने तीन सदस्यों की एक विशेष जांच टीम का गठन कर दिया है। यह टीम मौतों के पीछे के कारणों, इलाज के दौरान हुई चूक और डॉक्टरों की अनुपस्थिति की गहराई से पड़ताल करेगी। अब सबकी नजरें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे यह साफ हो पाएगा कि इस दुखद हादसे का असली जिम्मेदार कौन है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article