Maharajganj News: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। कोठीभार थाना क्षेत्र के सिसवा स्थित मीराबाई नगर (वार्ड संख्या-25, पोखरा टोला) में रविवार दोपहर निर्माणाधीन पोखरे में नहाने गए तीन किशोरों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। इस दिल दहला देने वाले हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव के चार किशोर नीतीश यादव (14), रोहन (13), कृष्णा रौनियार (15) और राजबीर (13) दोपहर में निर्माणाधीन पोखरे में नहाने गए थे। नहाते समय नीतीश, रोहन और कृष्णा अचानक पानी की गहराई में चले गए और डूबने लगे।
साथ मौजूद चौथे साथी राजबीर ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई और तुरंत भागकर गांव पहुंचा। उसने परिजनों और ग्रामीणों को हादसे की जानकारी दी, जिसके बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग पोखरे की ओर दौड़ पड़े।
गोताखोरों ने निकाले शव, अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
घटना की सूचना मिलते ही कोठीभार थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों और गोताखोरों की मदद से तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने तीनों किशोरों को पानी से बाहर निकाला। परिजनों और पुलिस की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) सिसवा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद तीनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई
अस्पताल में बच्चों की मौत की पुष्टि होते ही परिजनों की चीख-पुकार से माहौल और गमगीन हो गया। कोठीभार थाना पुलिस ने तीनों बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना पुलिस के अनुसार, घटना के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई और जांच की जा रही है।
