उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में जेसीबी की चपेट में आने से 13 वर्षीय किशोर की हुई दर्दनाक मौत के मामले ने अब सियासी तूल पकड़ लिया है। जहां एक ओर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे के लिए समाजवादी पार्टी और उसके रोड शो को जिम्मेदार ठहराया है, वहीं सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर वीडियो साझा कर सीएम योगी के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। अखिलेश यादव ने इस मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग करते हुए भाजपा को लखनऊ अग्निकांड की भी याद दिलाई है।
'वीडियो गवाह है, वहां न रोड शो था न रैली'
गोरखपुर की घटना को लेकर अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट लिखते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के बयानों को "बेहद निंदनीय" और "निम्नस्तरीय राजनीति का उदाहरण" करार दिया।
अखिलेश यादव ने X पर लिखा कि "ये वीडियो गवाह है कि गोरखपुर में एक युवक की दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु के बारे में उप्र के मुख्यमंत्री जिस प्रकार बिना किसी सबूत के दूसरों पर आरोप लगा रहे हैं, वो बेहद निंदनीय है और एक बेहद निम्नस्तरीय राजनीति का उदाहरण भी। इस वीडियो में स्पष्ट दिख रहा है कि वहां न कोई रोड शो है न रैली जिस पर उप्र के मुख्यमंत्री जी दोष मढ़ रहे हैं। इस हादसे पर सियासत का खेल खेलने से मृतक के शोक संतप्त परिवारवालों के साथ भी अन्याय हो रहा है। इस हादसे की सर्वोच्च स्तरीय जांच हो और सच को उजागर किया जाए। हृदयहीन-असंवेदनशील लोग सिर्फ़ राजनीति करते हैं, एक बच्चे के जाने का दुख परिवारवाले ही समझ सकते हैं।" उन्होंने आगे लिखा कि इस हादसे की सर्वोच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए ताकि सच सामने आ सके। अखिलेश यादव ने तल्ख लहजे में कहा कि "हृदयहीन-असंवेदनशील लोग सिर्फ़ राजनीति करते हैं, एक बच्चे के जाने का दुख परिवारवाले ही समझ सकते हैं।"
लखनऊ अग्निकांड का जिक्र कर साधा निशाना
एक अन्य पोस्ट में अखिलेश यादव ने मासूम की मौत पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं को पीड़ित परिवार की हर संभव मदद करने के निर्देश देने की बात कही। साथ ही, उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए लिखा "इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे पर राजनीति करनेवाले लोग याद रखें कि उन्होंने लखनऊ अग्निकांड में युवा मृतक की दुखी माँ के साथ कैसा दुर्व्यवहार करते हुए उन्हें धमकी दी थी। शोक का नाटक करनेवालों का स्वांग जनता समझ चुकी है।"
क्या है पूरा मामला? सीएम योगी ने सपा पर साधा था निशाना
गौरतलब है कि बुधवार को गोरखपुर के कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत झारखंडी इलाके में 13 वर्षीय आर्यवर्धन सिंह एक जेसीबी की चपेट में आ गया था। मृतक किशोर चौरीचौरा विधानसभा क्षेत्र के राजधानी गांव निवासी स्थानीय भाजपा नेता ओंकार सिंह का बेटा था। हादसे के बाद उसे एम्स ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। परिजनों ने आरोप लगाया था कि जेसीबी सपा के रोड शो या रैली से जुड़ी थी। इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा और अखिलेश यादव पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा था कि मासूम बच्चे की क्या गलती थी और सपा ने उसे अपने रोड शो का शिकार बना दिया। सीएम योगी ने सपा पर कानून-व्यवस्था और अराजकता को लेकर भी तीखी टिप्पणी की थी।
