Cyclone Akvan: बंगाल की खाड़ी से उठे खतरनाक चक्रवाती तूफान 'अकवान' के ओडिशा तट के बेहद करीब पहुंचने के साथ ही राज्य सरकार ने अपनी तैयारियों को शीर्ष स्तर पर बढ़ा दिया है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने चक्रवात की विभीषिका से निपटने और राहत और बचाव कार्यों की व्यापक समीक्षा के लिए बीती रात एक उच्चस्तरीय बैठक की। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के हवाले से मुख्यमंत्री ने बताया कि चक्रवात 'अकवान' के शुक्रवार यानी आज दोपहर गोपालपुर के पास स्थित हरिपुर तट से टकराने की प्रबल संभावना है। राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य 'जीरो कैजुअल्टी' हासिल करना है।
3 लाख लोग और 4,170 गर्भवती महिलाएं सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट
चक्रवात के संभावित प्रभाव वाले 20 जिलों में व्यापक एहतियाती कदम उठाए गए हैं। अब तक राज्य भर से 3 लाख से अधिक नागरिकों को निकालकर सुरक्षित शेल्टर होम में पहुंचाया जा चुका है। 4,170 गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित स्वास्थ्य केंद्रों और आश्रय स्थलों में स्थानांतरित किया गया है, जिनमें से 1,317 महिलाओं ने नवजात शिशुओं को जन्म दिया है। राज्य में कुल 9,341 चक्रवात शेल्टर तैयार रखे गए हैं, जिनमें से 2,623 आश्रय स्थलों को पूरी तरह से संचालित और सक्रिय कर दिया गया है।
फील्ड रिस्पॉन्स के लिए 418 टीमें तैनात
आपदा के बाद तुरंत राहत और बचाव कार्यों के लिए 418 विशेष टीमों की तैनाती की गई है। इसमें ODRAF की 60 टीमें, NDRF की 14 टीमें, फायर सर्विस की 216 टीमें और OFDC की 128 ट्री-कटिंग टीमें शामिल हैं। इसके अलावा 28 फायर सर्विस टीमों को स्टैंडबाय पर रखा गया है। चक्रवात के दौरान मोबाइल और इंटरनेट नेटवर्क ठप होने की स्थिति से निपटने के लिए 17 सैटेलाइट फोन, सेल्स ऑन व्हील्स (CoW) और बैकअप टेलीकॉम सिस्टम तैनात किए गए हैं।
941 भूस्खलन संभावित गांवों की पहचान, ट्रेनें रद्द
ओडिशा रिमोट सेंसिंग एप्लिकेशन सेंटर (ORSAC) के जरिए राज्य के 6 पहाड़ी और तटीय जिलों, गंजाम, गजपति, रायगड़ा, कंधमाल, मलकानगिरी और कोरापुट में 941 भूस्खलन संभावित गांवों की पहचान की गई है। कंधमाल और गजपति से सुरक्षित स्थानों पर भेजे गए अधिकांश लोग इन्हीं संवेदनशील इलाकों के निवासी हैं। मुख्यमंत्री ने पुरी के जिलाधिकारी से फोन पर बात कर हविश्याली (कार्तिक नियम पालन करने वाली बुजुर्ग महिलाएं) श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। चक्रवात के खतरे को देखते हुए 47 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है, जबकि 28 ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है। आंध्र प्रदेश के कुछ फंसे हुए मछुआरों को भारतीय तटरक्षक बल की मदद से सुरक्षित गंजाम जिले के तट पर लाने की प्रक्रिया जारी है।
