यूपी में आज का मौसम (16 March 2026): उत्तर प्रदेश में जारी तेज गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट बदल ली है। रविवार को नोएडा, गाजियाबाद, लखनऊ समेत प्रदेश के कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। इस दौरान बिजली गिरने की घटनाएं भी सामने आई। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में यह बदलाव आया है। यूपी में फिलहाल कुछ दिन बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। आज यूपी के 42 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 17 जिलों में ओले गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।
यूपी में आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार यूपी में आज पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के भी आसार है। सोमवार को वाराणसी, प्रतापगढ़, गाजीपुर, जौनपुर, आजमगढ़, बलिया, देवरिया, मुजफ्फरनगर, अमरोहा, मुरादाबाद, हरदोई, उन्नाव, बरेली, अमेठी, शाहजहांपुर, बिजनौर और शामली समेत 40 से अधिक जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं गोरखपुर, बलिया, मऊ, आजमगढ़, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, अंबेडकरनगर और आसपास के इलाकों में ओले गिरने का येलो अलर्ट है।
यूपी में क्यों बदला मौसम
IMD के अनुसार एक नए पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से यूपी में हल्की बारिश का दौर शुरू हुआ है, जो दिन तक जारी रहने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बारिश होने और तेज हवाएं चलने के आसार हैं। जिसके बाद 17 और 18 मार्च को राज्य में मौसम साफ रहने का अनुमान है। इस दौरान किसी तरह का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। 19 मार्च से एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। जिसके प्रभाव से यूपी में फिर बारिश का सिलसिला देखने को मिल सकता है। साथ ही वज्रपात और तेज झोंकेदार हवाएं भी चल सकती हैं।
बारिश से तापमान में आई कमी
यूपी में रविवार को सुबह ही नोएडा, मेरठ, गाजियाबाद समेत 15 शहरों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हुई। वहीं लखनऊ में छिटपुट बारिश दर्ज की गई, साथ ही धूलभरी आंधी भी चली। अवध के जिलों में सुबह से ही आसमान में घने बादल छा गए और बारिश होने लगी। मौसम में आए इस बदलाव के कारण तापमान में भी गिरावट आई है। पिछले 24 घंटों में सबसे गर्म जिला बांदा रहा, यहां का अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिसके बाद उरई में अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री और प्रयागराज में 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इस दौरान सबसे न्यूनतम तापमान मुजफ्फरनगर में 15.2 डिग्री दर्ज हुआ।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
