Fake Aadhaar Card Racket: उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर जिले में ATS ने फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जिसके तहत खलीलाबाद से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पकड़ा गया शख्स इस गैंग की तकनीकी मदद कर रहा था। पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है और पूरे नेटवर्क का खुलासा करने की कोशिश कर रही है।
ATS की छापेमारी में बड़ा खुलासा
अधिकारियों के अनुसार, पकड़े गए आरोपी की पहचान नौहरंगिया गांव के निवासी विनोद कुमार विश्वकर्मा के रूप में हुई है। आरोपी को बुधवार देर शाम खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के सब्जी मंडी इलाके में स्थित उसकी दुकान से गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई उस बड़े फर्जी आधार कार्ड रैकेट की जांच के तहत की गई, जिसका खुलासा लखनऊ ATS ने अगस्त 2025 में किया था। उस समय एटीएस ने गोरखपुर समेत कई जिलों में छापेमारी की थी और कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि आरोपी विनोद इस गिरोह की तकनीकी मदद कर रहा था। इस जानकारी के आधार पर इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह के नेतृत्व में ATS की टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर छापेमारी की कार्रवाई की। जिसके बाद आरोपी को हिरासत में ले लिया गया। इस दौरान पुलिस को मौके से एक लैपटॉप, मोबाइल फोन और कई आपत्तिजनक डॉक्यूमेंट्स भी मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि इन्हीं उपकरणों और दस्तावेजों की मदद से फर्जी आधार कार्ड बनाने का काम किया जाता था।
आरोपी से जुड़े नेटवर्क की तलाश जारी
न्यूज एजेंसी PTI के अनुसार, खलीलाबाद थाना प्रभारी जय प्रकाश दुबे ने बताया कि आरोपी विनोद को हिरासत में लेने के बाद उससे प्रारंभिक पूछताछ की गई। जिसके बाद उसे आगे की जांच के लिए ATS टीम लखनऊ लेकर गई है। पुलिस इस पूरे नेटवर्क का खुलासा करने के लिए गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।
