What are Aftershocks: जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में शनिवार को 11 घंटे के भीतर चार बार भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप की तीव्रता तो बहुत ज्यादा नहीं थी, लेकिन बार-बार महसूस किए गए झटकों ने एक बार फिर आफ्टरशॉक (Aftershock) को लेकर बहस छेड़ दी। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के मुताबिक, इन भूकंपों की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 2.9 से 3.9 के बीच दर्ज की गई। हालांकि, भूकंप के कारण किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
एनसीएस ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर बताया कि चार में से तीन भूकंप जम्मू-कश्मीर के चिनाब घाटी क्षेत्र में आए, जबकि एक भूकंप का केंद्र केंद्रशासित प्रदेश लद्दाख के लेह में था।
कहां-कहां महसूस किए गए आफ्टरशॉक
एनसीएस के आंकड़ों के मुताबिक, सबसे पहले किश्तवाड़ जिले में रात 2 बजकर 38 मिनट पर 3.3 तीव्रता का भूकंप आया। इसका केंद्र जमीन से 15 किलोमीटर नीचे था। इसके बाद सुबह 8 बजकर 48 मिनट पर डोडा जिले में 3.8 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया, जिसका केंद्र पांच किलोमीटर की गहराई में था।
वहीं, लद्दाख के लेह में सुबह 10 बजकर 29 मिनट पर 3.9 तीव्रता का भूकंप आया। इसका केंद्र जमीन से 10 किलोमीटर नीचे था। इसके बाद डोडा जिले में दोपहर 1 बजकर 9 मिनट पर 2.9 तीव्रता का एक और भूकंप दर्ज किया गया। इसका केंद्र 10 किलोमीटर की गहराई में था। इस तरह जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में महज 11 घंटे के भीतर चार बार धरती हिली। फिलहाल, सभी प्रभावित इलाकों में स्थिति सामान्य है।
क्या होता है आफ्टरशॉक? (What is an Aftershock)
भूकंप के बाद बार-बार लगने वाले हल्के झटकों को आफ्टरशॉक कहा जाता है। ये झटके कुछ मिनटों, घंटों, दिनों, महीनों या कभी-कभी सालों तक महसूस हो सकते हैं।
अमूमन ये झटके मुख्य भूकंप क्षेत्र के आसपास के इलाके में आते हैं। हालांकि, आफ्टरशॉक की तीव्रता मुख्य भूकंप से कम होती है। लेकिन यह सोचना कि आफ्टरशॉक की वजह से कोई नुकसान नहीं हो सकता है, ये बिल्कुल गलत है। जब भूकंप की वजह से संरचनाएं और इमारतें कमजोर हो गई हों तो आफ्टरशॉक विनाशकारी साबित हो सकते हैं।
आफ्टरशॉक क्यों आते हैं? (Why Do Aftershocks Occur)
आफ्टरशॉक आने की मुख्य वजह धरती की ऊपरी परत में होने वाला बदलाव है। जब बड़ा भूकंप आता है, तो धरती की सतह के नीचे मौजूद चट्टानों और टेक्टोनिक प्लेटों की स्थिति में बदलाव होता है। इससे जमीन के नीचे मौजूद फॉल्ट (दरारों) पर दबाव का संतुलन बदल जाता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: एक मिशन, दो चंद्रमा और 10 ग्राम मिट्टी... मंगल के फोबोस की गुत्थी सुलझाने उतरा जापान, जानिए क्या है प्लान
Earthquake Aftershocks
भूकंप के बाद यह दबाव विभिन्न जगहों पर कम या ज्यादा हो जाता है। धरती के भीतर मौजूद चट्टानें इस नए दबाव के हिसाब से खुद को व्यवस्थित करने की कोशिश करती हैं। इसी प्रक्रिया में ऊर्जा निकलती है और दोबारा झटके महसूस होते हैं। इन्हें ही आफ्टरशॉक कहते हैं।
आफ्टरशॉक के अध्ययन से वैज्ञानिक इस बात का पता चलता है कि बड़े भूकंप के बाद धरती के भीतर दबाव किस तरह बदल रहा है और किन इलाकों में इसका असर पड़ सकता है। इसलिए वैज्ञानिक आफ्टरशॉक का बारीकी से अध्ययन करते हैं। इससे भविष्य में भूकंप के खतरे वाले क्षेत्रों की पहचान करने, संरचनाओं को सुरक्षित बनाने और आपदा से निपटने की तैयारियों में मदद मिलती है।
आफ्टरशॉक महसूस होने पर कैसा लगता है? (What does aftershock feel like)
आफ्टरशॉक के दौरान आमतौर पर भूकंप की तुलना में कम झटके महसूस होते हैं। आसान भाषा में कहें तो ऐसा महसूस होता है जैसे धरती दोबारा से हल्की कांफी हो।
सबसे अहम बात यह है कि 30 किलोमीटर से अधिक गहराई में आने वाले भूकंपों के बाद ऑफ्टरशॉक आने की संभावना बेहद कम हो जाती है, लेकिन कम गहराई में आने वाले भूकंपों के बाद आफ्टरशॉक अधिक देखने को मिल सकते हैं।
आपको जानकर हैरानी होगी कि भूकंप को लेकर एक और शब्द बहुत ज्यादा प्रचलित है। उसे हम फोरशॉक (Foreshock) के तौर पर जानते हैं। हालांकि, फोरशॉक (Foreshock) और आफ्टरशॉक (Aftershock) दोनों भूकंप से जुड़े शब्द हैं, लेकिन दोनों के आने का समय काफी अलग होता है। खैर, हम आपको दोनों के बीच का सामान्य अंतर भी समझा देते हैं।
क्या होता है फोरशॉक? (What Is a Foreshock)
जब किसी इलाके में भूकंप से पहले हल्के झटके महसूस होते हैं तो उसे फोरशॉक कहा जाता है। ये झटके उसी इलाके में आने वाले किसी बड़े भूकंप से पहले आते हैं। हालांकि, किसी झटके को फोरशॉक तभी कहा जा सकता है, जब उसी इलाके में बाद में ज्यादा तीव्रता का भूकंप आए।
