शहर

डीजे की धमक से थम गई मासूम की जान... 20 दिन की बच्ची की कैसे हुई मौत? क्या कहते हैं एक्सपर्ट

उत्तर प्रदेश के बलिया में डीजे की तेज आवाज के बीच 20 दिन की मासूम बच्ची की मौत का मामला सामने आया है। बच्ची की मां का आरोप है कि घर के बाहर तेज आवाज में डीजे बजने के दौरान उसकी बच्ची की तबीयत बिगड़ गई।

Image

बलिया में डीजे की आवाज से बच्ची की मौत (फोटो-AI)

बलिया : जिले में डीजे की तेज आवाज के बीच एक 20 दिन की बच्ची की मौत से हड़कंप मच गया। घटना 13 नवंबर 2026 की बताई जा रही है। मनियर थाना क्षेत्र के मुड़ियारी गांव में कुछ लोग डीजे बजाते हुए गुजर रहे थे। इसी दौरान घर में अपनी मां के साथ सो रही नवजात बच्ची की तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, बच्ची की मां रीमा देवी करीब 10 दिन पहले ही अपनी नवजात बेटी के साथ ससुराल से मायके आई थीं। उनका कहना है कि ससुराल में उनकी देखभाल करने वाला कोई नहीं था, इसलिए पति ने उन्हें मायके भेज दिया था। घटना के समय वह अपनी बच्ची के साथ घर में मौजूद थीं। रीमा देवी का आरोप है कि उनके दरवाजे के पास तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था। इसी दौरान उनकी बच्ची की तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

इस मामले में क्षेत्राधिकारी बांसडीह जयशंकर मिश्र ने बताया कि 13 नवंबर को मनियर थाने पर सूचना मिली थी कि मुड़ियारी गांव निवासी रमेश गौंड की बहन अपनी करीब 20 दिन की बेटी के साथ सो रही थीं। इसी दौरान डीजे बजाते हुए कुछ लोग वहां से गुजर रहे थे। महिला ने परिजनों को बताया कि बच्ची रो नहीं रही है। इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बलिया के मोर्चरी हाउस भेज दिया है। साथ ही संबंधित डीजे को भी सीज कर दिया गया है। क्षेत्राधिकारी के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल बच्ची की मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

क्या डीजे की आवाज से मौत संभव है?

विशेषज्ञ कहते हैं कि डीजे (DJ) की बेहद तेज आवाज और भारी बेस (कंपन) से बच्चों, विशेषकर नवजात शिशुओं और छोटे बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ सकती है और कुछ मामलों में उनकी जान का भी खतरा हो सकता है।

डॉक्टरों कहते हैं कि डीजे की 80 से 120 डेसिबल (dB) तक की तेज आवाज और धमक से बच्चों को अत्यधिक घबराहट हो सकती है। इससे दिल की धड़कन अचानक बहुत तेज हो जाती है या कार्डियक अरेस्ट (दिल का दौरा) पड़ने का खतरा बढ़ जाता है।

तेज शोर और कंपन के कारण बच्चों के नर्वस सिस्टम पर गहरा दबाव पड़ता है, जिससे 'ब्रेन शॉक' और अचानक ब्लड सर्कुलेशन प्रभावित होने की आशंका रहती है।

सामान्य तौर पर 6 माह से छोटे बच्चों के लिए 45 डेसिबल से अधिक आवाज खतरनाक मानी जाती है, जबकि डीजे की आवाज 100 से 120 डेसिबल या उससे भी ऊपर चली जाती है। इतनी तेज आवाज से बच्चों के नाजुक कान के पर्दे फट सकते हैं या सुनने की क्षमता को स्थायी नुकसान पहुंच सकता है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article