Premanand Maharaj Vrindavan: संत प्रेमानंद महाराज शनिवार की सुबह पदयात्रा करते हुए केली कुंज आश्रम पहुंचे। उनके पहुंचते ही पूरे परिक्रमा मार्ग पर भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। करीब एक किलोमीटर तक सड़क के दोनों तरफ भक्तों की लंबी कतार लगी रही। भक्तों ने रास्ते में फूल बिछाकर और आतिशबाजी कर उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान पूरा माहौल ऐसा लग रहा था, जैसे वृंदावन में दिवाली मनाई जा रही हो।
प्रेमानंद महाराज की पदयात्रा से गूंजा वृंदावन
संत प्रेमानंद महाराज शनिवार सुबह अपने परिकर के साथ यमुनापार बेलवन स्थित यमुना बिहार कुंज आश्रम से निकले। पहले वह गाड़ी से यमुना किनारे पहुंचे। वहां से स्टीमर के जरिए यमुना पार कर वृंदावन आए। इसके बाद वह परिक्रमा मार्ग पहुंचे। यहां भक्तों की भारी भीड़ देखकर वह गाड़ी से उतर गए और पैदल ही केली कुंज आश्रम की ओर चल पड़े।
भक्तों में दोगुना हुआ उत्साह
पदयात्रा शुरू होते ही भक्तों में उत्साह दोगुना हो गया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सेवादारों ने सड़क के दोनों तरफ रस्सी बांध दी। इसके बावजूद भक्त उनकी एक झलक पाने के लिए आतुर नजर आए। पुलिस और आश्रम के सेवादारों को संत प्रेमानंद महाराज को भीड़ के बीच से आश्रम तक ले जाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
रास्ते भर भक्तों ने उनका श्री हरिवंश और राधे-राधे कहकर अभिवादन किया। जैसे-जैसे महाराज जी आगे बढ़ते गए, भीड़ बढ़ती गई। भक्तों ने पदयात्रा के रास्ते में फूल बिछा दिए। जमकर आतिशबाजी भी की गई। संत प्रेमानंद महाराज के निकलने के बाद भी भक्त पीछे से हाथ जोड़कर उन्हें प्रणाम करते नजर आए।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- नवी मुंबई बना देश का सबसे स्वच्छ शहर, 8 साल बाद टूटा इंदौर का दबदबा
7 महीने बाद दिखा ऐसा नजारा
बता दें कि 7 महीने बाद पहली बार ऐसा नजारा देखने को मिला है। इससे पहले संत प्रेमानंद महाराज ने मई महीने तक पदयात्रा की थी। उस समय भी भक्त इसी तरह उनके रास्ते को फूलों से सजाते थे और आतिशबाजी करते थे। शनिवार को भी वही पुराना नजारा फिर से जीवंत हो उठा। भक्तों का कहना है कि महाराज जी की पदयात्रा से वृंदावन की रौनक लौट आई है।
