शहर

'स्कूल के फेल बच्चे जैसे हैं राहुल गांधी' लोकतंत्र बचाओ पदयात्रा में जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर बोला बड़ा हमला

JP Nadda in Durg: बीजेपी द्वारा आयोजित 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग कुत्सित प्रयास करके इलेक्शन कमीशन, सुप्रीम कोर्ट और संवैधानिक संस्थाओं को डरा-धमकाकर अपना उल्लू सीधा करना चाहते हैं।

Image

जेपी नड्डा (फोटो साभार- BJP)

JP Nadda in Durg: छत्तीसगढ़ के दुर्ग में बीजेपी द्वारा आयोजित 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा में केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय समेत कई बड़े नेता शामिल हुए। इस दौरान जेपी नड्डा ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला। नड्डा ने कहा कि कुछ लोग कुत्सित प्रयास करके इलेक्शन कमीशन, सुप्रीम कोर्ट और संवैधानिक संस्थाओं को डरा-धमकाकर अपना उल्लू सीधा करना चाहते हैं।

राहुल गांधी पर साधा निशाना

बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा, "आपने बचपन में देखा होगा कि स्कूल में जो बच्चा कभी-कभी पास हो जाता था, वो कहता था मैं बड़ा होशियार हूं और जब फेल होता था तो बोलता था मास्टर खराब है। यही हाल राहुल बाबा का है। कभी चुनाव जीत जाएं तो बड़े होशियार और लगातार हारें तो चुनाव आयोग खराब।"

अराजकता से बचने के लिए जन जागरण की जरूरत

उन्होंने कहा कि इस अराजकता से बचने और जन जागरण करने की जरूरत है। ये लोग लोकतंत्र की बात करते हैं, लेकिन सब जानते हैं कि लोकतंत्र को किसने कटघरे में खड़ा किया, किसने जंजीरों में बांधा और किसने इमरजेंसी लगाई। नड्डा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने इमरजेंसी के दौरान बिना कारण, बिना दलील और बिना किसी केस के 1.30 लाख लोगों को 2 साल के लिए जेल में डाला था।

EVM को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना

EVM के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए नड्डा ने कहा कि ये लोग लगातार बहाना लगा रहे हैं कि EVM नहीं चाहिए, बैलेट पेपर से चुनाव होना चाहिए। उन्होंने हाल के MLC चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि परसों ही 28 MLC सीटों के नतीजे आए हैं, जिसमें से 1 सीट गलती से कांग्रेस को मिली है, बाकी सभी सीटों पर उनकी जमानत जब्त हुई है। कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार है, वहां 4 सीटों पर MLC चुनाव हुए, जहां उन्हें जीरो सीट मिली।

'10 बार कांग्रेस के शासन में हुआ SIR'

एसआईआर को लेकर नड्डा ने कहा कि आज तक 12 बार SIR हुआ है, जिसमें से 10 बार कांग्रेस के शासन में हुआ है। सिर्फ 2 बार बीजेपी के टाइम में हुआ है, एक बार अटल बिहारी वाजपेयी के समय और एक अब नरेंद्र मोदी के समय में हुआ है। उन्होंने कहा कि बीजेपी संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं का सम्मान करती है, जबकि कांग्रेस सिर्फ सत्ता के लिए अराजकता फैला रही है।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article