Bridge Collapsed in UP: बीते रविवार को बिहार के जहानाबाद में एक निर्माणाधीन पुल गिर गया। बिहार के लिए ये कोई नई बात नहीं है। आए दिन बन रहे पुल उद्घाटन के पहले या कुछ दिन बाद भराभर कर जमीदोंज हो जाते हैं। इस बार मामला उत्तर प्रदेश से आया है। सोमवार की देर रात महराजगंज में एक निर्माणाधीन पुल ढह गया। इस दुर्घटना में छह मजदूर घायल हो गए हैं। सभी मजदूरों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात उत्तर प्रदेश में महराजगंज जिले के पुरंदरपुर थाना क्षेत्र में एक निर्माणाधीन पुल के अचानक ढह गया। जाने से उसके मलबे में दबने के कारण कम से कम छह मजदूर घायल हो गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के मोहनापुर ढाला में सोनौली-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क निर्माण कार्य किया जा रहा है। वहां एक निर्माणाधीन पुल अचानक ढह जाने से उसके मलबे में दबने के कारण आधा दर्जन मजदूर घायल हो गए।
हादसे के तत्काल बाद मौके पर पुलिस पहुंची और घायल मजदूरों को फरेंदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया गया।
पुरंदरपुर थाना प्रभारी निरीक्षक (SHO) धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि राजमार्ग के निर्माण कार्य के दौरान यह हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि सभी घायल मजदूरों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत खतरे से बाहर है। जानकारी के अनुसार अभी जेसीबी मशीन की मदद से मलबा हटाने का काम पूरा कर लिया गया है।
(इनपुट-भाषा)
