दुनिया

न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने RSS प्रमुख मोहन भागवत के NYC कार्यक्रम का किया विरोध, जानिए क्या है पूरा मामला?

RSS event New York: मोहन भागवत अपने शताब्दी वर्ष के वैश्विक आउटरीच कार्यक्रम के तहत अमेरिका पहुंचे हैं। वे 29 अगस्त को न्यूयार्क के प्रसिद्ध मैडिसन स्क्वायर गार्डन में 'यूनिवर्सल ऑननेस सेलिब्रेशन' के दौरान भारतीय प्रवासियों को संबोधित करेंगे।

Image

न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने RSS प्रमुख मोहन भागवत के NYC कार्यक्रम का किया विरोध, जानिए क्या है पूरा मामला?

Zohran Mamdani: अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर के मेयर जोहरान ममदानी ने मंगलवार को कहा कि वह मैडिसन स्क्वायर गार्डन में प्रस्तावित उस कार्यक्रम का समर्थन नहीं करते, जिसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत भारतीय प्रवासी समुदाय के लोगों को संबोधित करेंगे। ममदानी ने हालांकि कहा कि 29 अगस्त को होने वाले इस निजी कार्यक्रम को रद्द करने का अधिकार नगर प्रशासन के पास शायद नहीं है।

भागवत आरएसएस के शताब्दी वर्ष के वैश्विक संपर्क कार्यक्रम के तहत मंगलवार को अमेरिका पहुंचे। न्यूयॉर्क प्रवास के दौरान वह ’यूनिवर्सल वननेस’ कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और शनिवार को प्रतिष्ठित मैडिसन स्क्वायर गार्डन में करीब 5,000 लोगों की सभा को संबोधित करेंगे।

'मैं इस रैली का समर्थन नहीं करता'

ममदानी ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा, 'मैं इस रैली का समर्थन नहीं करता लेकिन मुझे नहीं पता कि किसी निजी कार्यक्रम को रद्द करने का अधिकार नगर प्रशासन के पास है या नहीं।'

भारतीय मूल के मेयर ने आरएसएस, मैडिसन स्क्वायर गार्डन में प्रस्तावित कार्यक्रम और उसके खिलाफ हो रहे विरोध प्रदर्शन से जुड़े एक सवाल के जवाब में यह टिप्पणी की। उनसे पूछा गया था कि क्या मैडिसन स्क्वायर गार्डन में होने वाली रैली रद्द कर दी जानी चाहिए।

'मेरी मां का पूरा परिवार अब भी भारत में'

ममदानी ने कहा, 'मैं हमारे शहर के इतिहास में पहला भारतीय-अमेरिकी मेयर भी हूं और मेरी मां का पूरा परिवार अब भी भारत में रहता है।' उन्होंने कहा कि भारत के बारे में जो सोच उन्हें अपने परिवार से मिली और जिसे समझते हुए वह बड़े हुए, वह 'एक बहुलतावादी समाज और ऐसे धर्मनिरपेक्ष गणराज्य की है, जहां भारत के हर व्यक्ति को बराबरी से अपनाया जाता है।'

ममदानी ने कहा, 'और किसी भी देश को लेकर ऐसी सोच वाले आंदोलन का उभार देखना बेहद परेशान करने वाला है, जो कुछ लोगों को अलग रखता है। मैं इसका पुरजोर विरोध करता हूं, न केवल एक भारतीय-अमेरिकी के रूप में बल्कि ऐसे शहर के मेयर के तौर पर भी, जो हर व्यक्ति को अपनाने में गहरा विश्वास रखता है, फिर चाहे उसका रंग, नस्ल, धर्म, आस्था या मूल स्थान कुछ भी हो।'

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article