शहर

बदायूं में आंबेडकर प्रतिमा को लेकर बवाल, भीड़ ने पुलिस की गाड़ियां और एंबुलेंस तोड़ी; भारी फोर्स तैनात

उत्तर प्रदेश के बदायूं के राजा की सीकरी गांव में ग्राम समाज की जमीन पर डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा लगाने को लेकर विवाद हिंसक हो गया। भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया, जिसमें CO समेत कई पुलिसकर्मी घायल हुए।

Image

बदायूं में आंबेडकर प्रतिमा लगाने को लेकर बवाल (फोटो-AI)

बदायूं : जिले में मंगलवार शाम डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के राजा की सीकरी गांव में भीड़ ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। घटना में बिसौली के सीओ अंशुमन श्रीवास्तव समेत कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। एक हेड कॉन्स्टेबल के सिर में चोट लगी। उपद्रव के दौरान पुलिस की कई गाड़ियों और एक एंबुलेंस में भी तोड़फोड़ की गई।

विवाद ग्राम समाज की जमीन पर प्रतिमा लगाने को लेकर शुरू हुआ। जानकारी के मुताबिक, सोमवार रात कुछ लोगों ने सरकारी जमीन पर प्रतिमा स्थापित करने का प्रयास किया था। मंगलवार सुबह प्रतिमा को नुकसान पहुंचाए जाने का आरोप लगने के बाद मामला गरमा गया। सूचना मिलने पर एसडीएम प्रियंका और सीओ अंशुमन श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे।

प्रशासनिक अधिकारियों ने दिनभर ग्रामीणों को समझाने और स्थिति शांत कराने की कोशिश की, लेकिन कुछ लोग उसी स्थान पर प्रतिमा लगाने की मांग पर अड़े रहे। शाम करीब 7:30 बजे हालात अचानक बिगड़ गए और भीड़ ने पुलिस पर पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया, लेकिन कुछ देर तक पथराव जारी रहा।

पुलिस फोर्स के साथ PAC तैनात

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसपी देहात डॉ. ह्रदेश कठेरिया, एडीएम अरुण कुमार और कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ PAC को मौके पर भेजा गया। फैजगंज बेहटा, बिसौली, बिल्सी, वजीरगंज और इस्लामनगर समेत करीब 10 थानों की पुलिस तैनात की गई। बाद में एसएसपी अंकिता शर्मा भी मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सात लोगों को हिरासत में लिया है। अन्य उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। प्रतिमा को फिलहाल सुरक्षित स्थान पर रखवा दिया गया है।

एसएसपी अंकिता शर्मा के अनुसार, कुछ लोग ग्राम समाज की जमीन पर प्रतिमा लगाकर कब्जा करना चाहते थे। प्रशासन ने उन्हें वैकल्पिक व्यवस्था के लिए समझाने का प्रयास किया था। उन्होंने कहा कि घटना में घायल पुलिसकर्मियों का इलाज कराया जा रहा है और वाहनों में तोड़फोड़ करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। गांव में फिलहाल पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article