शहर

Ujjain Crime: 'लेडीज वर्सेस रिकी बहल' जैसी ठगी, अकेली महिलाओं को प्रेम जाल में फंसाकर ऐंठे 1.27 करोड़ रुपये

Ujjain Crime: उज्जैन की माधव नगर थाना पुलिस ने बॉलीवुड फिल्म 'लेडीज वर्सेज रिकी बहल' की तर्ज पर महिलाओं को ठगने वाले आरोपी मनीष को राजस्थान के पाली से गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को हमदर्द बताकर अकेली व प्रताड़ित महिलाओं को प्रेम जाल में फंसाता था।

Image

हमदर्द बनकर महिलाओं के दिल में बनाता था जगह

Photo : Times Now Digital

Ujjain Crime: मध्य प्रदेश के उज्जैन में बॉलीवुड फिल्म 'लेडीज वर्सेस रिकी बहल' की कहानी जैसी सनसनीखेज ठगी का मामला सामने आया है। महिलाओं को अपने झूठे प्यार और हमदर्दी के जाल में फंसाकर करोड़ों रुपये ऐंठने वाले आरोपी मनीष को पुलिस ने राजस्थान के पाली से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अकेले उज्जैन की एक पीड़ित महिला से ₹1.27 करोड़ की भारी-भरकम रकम ठग ली थी।

माधव नगर थाना पुलिस की जांच में आरोपी के काम करने के बेहद चौंकाने वाले तरीके का खुलासा हुआ है। आरोपी मुख्य रूप से ऐसी महिलाओं को अपना शिकार बनाता था जो पारिवारिक विवादों से जूझ रही थीं या पतियों से प्रताड़ित थीं। वह अलग-अलग शहरों में किराए का मकान लेकर रहता था और खुद को महिलाओं का सच्चा हितैषी व हमदर्द दिखाता था। एक बार जब महिलाएं उस पर अंधा विश्वास करने लगती थीं, तो वह उनसे मोटी रकम ऐंठकर फरार हो जाता था।

आरोपी पहले से शादीशुदा, जांच में खुलासा

पुलिस के मुताबिक, उज्जैन के अलावा अहमदाबाद और राजस्थान की आधा दर्जन से अधिक महिलाएं इस शातिर जालसाज की ठगी का शिकार बन चुकी हैं। जांच में पता चला है कि आरोपी पहले से शादीशुदा है, उसकी दो पत्नियां और दो बच्चे हैं। इसके बावजूद वह अहमदाबाद की एक 19 वर्षीय युवती और पाली के एक ऑटो चालक की पत्नी को भी अपने जाल में फंसा चुका था।

महंगे कपड़े, ब्रांडेड जूते और लग्जरी लाइफस्टाइल जीने का बेहद शौकीन है आरोपी

आरोपी महंगे कपड़े, ब्रांडेड जूते और लग्जरी लाइफस्टाइल जीने का बेहद शौकीन है। ठगी के पैसों से वह ऐशो-आराम की जिंदगी जीता था। पुलिस ने उसके पास से लाखों रुपये का कीमती सामान जब्त किया है। फिलहाल पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर अन्य शहरों में दर्ज मामलों की कड़ी जोड़ रही है, जिससे ठगी के कई और राज खुलने की संभावना है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article