देश

अब न्याय के लिए नहीं लगाना पड़ेगा लंबा चक्कर, लद्दाख में बनेगी हाईकोर्ट की स्थायी पीठ; अमित शाह का बड़ा ऐलान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने लद्दाख में जम्मू-कश्मीर और लद्दाख उच्च न्यायालय की एक बेंच स्थापित करने का फैसला किया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इसकी जानकारी साझा करते हुए बताया कि इससे दूरदराज के इलाकों में रहने वाले नागरिकों को जल्द और सुलभ न्याय मिलेगा।

Image

कानूनी सेवाओं के लिए नहीं काटना पड़ेगा लंबा चक्कर! (फाइल फोटो)

Photo : PTI

लद्दाख के नागरिकों को कानूनी सहायता और न्याय पाने में होने वाली असुविधा को खत्म करने के लिए केंद्र सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में लद्दाख में 'जम्मू-कश्मीर और लद्दाख उच्च न्यायालय' की एक स्थायी पीठ (बेंच) स्थापित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है।

इस महत्वपूर्ण निर्णय की जानकारी देते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि यह कदम दूरदराज और दुर्गम इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए न्याय तक पहुंच को बेहद आसान बनाएगा। पहले स्थानीय निवासियों को अदालती कार्यवाही और कानूनी सेवाओं के लिए लंबी यात्राएं करनी पड़ती थीं, जिसमें काफी समय और पैसा खर्च होता था। अब इस निर्णय से उन्हें अपने ही क्षेत्र में त्वरित और सुलभ न्याय मिल सकेगा।

साल 2019 में जम्मू-कश्मीर व लद्दाख बने थे दो अलग-अलग केंद्र शासित प्रदेश

गृह मंत्री ने दोहराया कि मोदी सरकार लद्दाख के सर्वांगीण विकास और वहां के नागरिकों को सभी संवैधानिक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। वर्ष 2019 में अनुच्छेद 370 और 35A को हटाए जाने के बाद जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को दो अलग-अलग केंद्र शासित प्रदेशों में विभाजित किया गया था, जिसके बाद से ही लद्दाख में अलग हाई कोर्ट बेंच की मांग की जा रही थी।

कैबिनेट ने कुछ अन्य प्रमुख परियोजनाओं को भी दी मंजूरी

इसके अलावा, बुनियादी ढांचे को मजबूती देने के लिए केंद्रीय कैबिनेट ने कुछ अन्य प्रमुख परियोजनाओं को भी मंजूरी दी है। इसमें पश्चिम बंगाल, ओडिशा, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में 9,450 करोड़ रुपये की लागत वाले चार प्रमुख रेलवे मल्टीट्रैकिंग प्रोजेक्ट्स और बिहार में NH-22 के मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी-सोनबरसा सेक्शन को 3,590.73 करोड़ रुपये की लागत से 4-लेन बनाने का निर्णय शामिल है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article