Ujjain News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के मौके पर धार्मिक नगरी उज्जैन भक्ति, दीपोत्सव और आतिशबाजी के रंगों में पूरी तरह सराबोर नजर आ रही है। विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग श्री महाकालेश्वर मंदिर में गुरुवार तड़के से ही प्रधानमंत्री के निरोगी जीवन, लंबी उम्र और राष्ट्र कल्याण की कामना को लेकर विशेष अनुष्ठान और पूजा का दौर जारी है।
गर्भगृह में तस्वीर रखकर लगा तिलक, विशेष संकल्प के साथ महापूजा
महाकालेश्वर मंदिर के गर्भगृह में मंदिर के पुरोहित सत्यनारायण जोशी एवं अन्य साथी पुजारियों ने पूर्ण वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अनुष्ठान संपन्न कराया। पूजन के दौरान गर्भगृह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चित्र स्थापित कर तिलक लगाया गया और उनके यशस्वी और दीर्घायु कार्यकाल के लिए संकल्प लिया गया। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी ने ही 'श्री महाकाल लोक' का उद्घाटन किया था।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- PM मोदी का जन्मदिन: देश भर में कहां हो रहे कौन से कार्यक्रम, एक नजर में जानिए सबकुछ
31 लाख से अधिक दीपों से बनेगा वर्ल्ड रिकॉर्ड
शाम होते ही पूरी अवंतिका नगरी आस्था के दीपों से जगमगा उठेगी। इस अवसर पर दो प्रमुख स्थानों पर विशाल दीपोत्सव और आतिशबाजी का आयोजन किया गया है। शिप्रा नदी के तट पर स्थित ऐतिहासिक रामघाट पर एक साथ लगभग 25 लाख मिट्टी के दीपक प्रज्वलित किए जाएंगे। यह आयोजन एक नया विश्व रिकॉर्ड दर्ज कराने जा रहा है। वहीं महाकाल मंदिर और महाकाल लोक परिसर में करीब 6 से 7 लाख दीये जलाए जाएंगे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- PM मोदी के 76वें जन्मदिन पर काशी घाटों पर दुग्धाभिषेक, Gen Z ने पहली बार रक्तदान कर दी बधाई
शाम को बीजेपी अध्यक्ष और मुख्यमंत्री करेंगे शुभारंभ
इस दीपोत्सव में शामिल होने के लिए शाम करीब 7:00 बजे भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री उज्जैन पहुंचेंगे। वे भगवान महाकाल के दर्शन कर आशीर्वाद लेंगे और तत्पश्चात शिप्रा तट पर दीपोत्सव का औपचारिक शुभारंभ करेंगे।
