शहर

Varanasi News: PM मोदी के 76वें जन्मदिन पर काशी घाटों पर दुग्धाभिषेक, Gen Z ने पहली बार रक्तदान कर दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी में भव्य आयोजन हुए। घाटों पर मां गंगा की आरती, अर्दली बाजार में हवन-पूजन और 'GenZ Blood Squad' द्वारा रक्तदान शिविर आयोजित कर पीएम की लंबी उम्र की कामना की गई।

Image

PM के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में भव्य आयोजन (फाइल फोटो)

Photo : PTI

Varanasi News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के पावन अवसर पर उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी में सुबह से ही उत्सव और उत्साह का माहौल है। काशी के मंदिरों, आश्रमों और गंगा घाटों पर पीएम मोदी के स्वस्थ जीवन और दीर्घायु की कामना को लेकर विशेष पूजा-पाठ, हवन और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों और समर्थकों का कहना है कि बीते 12 वर्षों में पीएम मोदी ने काशी के कायाकल्प और विकास की जो इबारत लिखी है, वह इतिहास के पन्नों में दर्ज हो चुकी है।

अर्दली बाजार में शंखनाद और भैंसासुर घाट पर गंगा आरती

सुबह तड़के से ही काशी की धार्मिक गतिविधियों में पीएम मोदी के प्रति कृतज्ञता साफ झलक रही थी। वाराणसी के अर्दली बाजार इलाके में मोदी समर्थकों ने एकत्र होकर मंत्रोच्चार और शंखनाद के बीच भव्य हवन-पूजन का आयोजन किया। भैंसासुर घाट पर समर्थकों ने मां गंगा की भव्य आरती उतारी, दुग्धाभिषेक किया और पीएम मोदी के निरोगी और लंबी उम्र की प्रार्थना की। स्थानीय निवासियों का कहना है कि 76 वर्ष की आयु में भी जिस अटूट समर्पण के साथ प्रधानमंत्री देश सेवा में जुटे हैं, वह हर काशीवासी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

'Modi’s GenZ Blood Squad': युवाओं का अनोखा सामाजिक संकल्प

प्रधानमंत्री के जन्मदिवस की पूर्व संध्या पर अंत्योदय परिषद के 'जेन-जी विंग' (Gen Z Wing) द्वारा वाराणसी के लहुराबीर स्थित IMA भवन में एक विशेष रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसे ‘Modi’s GenZ Blood Squad’ नाम दिया गया।

आयोजकों के अनुसार, शिविर में हिस्सा लेने वाले अधिकांश युवाओं की उम्र 18 से 22 वर्ष के बीच थी। इनमें से कई युवा ऐसे थे जिन्होंने पहली बार मतदान किया है और जीवन में पहली बार रक्तदान कर रहे थे। युवाओं ने पीएम मोदी को अपनी खास शैली में बधाई देते हुए उन्हें “OG”, “GOAT” और “Legend” जैसे शब्दों से संबोधित किया। अंत्योदय परिषद के अध्यक्ष महेश चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि युवाओं में रक्तदान को लेकर जो हिचकिचाहट होती है, उसे दूर करने और उन्हें राष्ट्र निर्माण के सामाजिक कार्यों में भागीदार बनाने के उद्देश्य से यह पहल की गई। कार्यक्रम के समापन पर सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। पहली बार रक्तदान करने वाले आयुष ने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा कि पीएम मोदी के जन्मदिन पर रक्तदान करना उनके लिए एक बेहद खास अनुभव रहा।

End of Article