Thunderstorm, Rain in Delhi: रविवार की सुबह हुई भारी बारिश के कारण दिल्ली और एनसीआर के कई इलाकों में जलभराव हो गया। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी भारी बारिश, तेज हवाओं और हवाई क्षेत्र में भीड़भाड़ के कारण उड़ानों का संचालन बाधित हुआ, जिससे देरी हुई और कुछ उड़ानें रद्द भी हुईं। दिल्ली हवाई अड्डे के टर्मिनल 1 के पास सड़कें पूरी तरह पानी में डूबी हुई थीं, जिससे यात्रियों और हवाई अड्डे के कर्मचारियों के लिए आवागमन मुश्किल हो गया। वहीं, इंडिगो ने बताया कि दिल्ली में प्रतिकूल मौसम के कारण रात 11:30 बजे से सुबह 4 बजे के बीच 49 उड़ानों का मार्ग परिवर्तित किया गया।
IGI पर उड़ानें रहीं प्रभावित
भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI) पर रविवार सुबह विमान परिचालन बाधित रहा। आईजीआईए देश का सबसे बड़ा हवाई अड्डा है। विमानन कंपनी इंडिगो ने तड़के तीन बजकर 59 मिनट पर एक्स पर एक पोस्ट कर बताया कि दिल्ली में प्रतिकूल मौसम की वजह से विमान संचालन में अस्थायी बाधाएं पैदा हुई हैं।
विमानन कंपनी ने कहा कि मौसम धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है, लेकिन हवाई क्षेत्र में कुछ अवरोध बना हुआ है। उसने कहा, हम आपको आश्वस्त करते हैं कि परिस्थितियां अनुकूल होने के साथ ही उड़ानों की आवाजाही फिर से शुरू की जाएगी। इंडिगो ने सुबह पांच बजकर 54 मिनट पर एक अन्य पोस्ट में बताया कि दिल्ली में आसमान साफ होने के साथ ही उड़ानों का संचालन सामान्य हो गया है।
विमानों के आवागमन पर नजर रखने वाली वेबसाइट ‘फ्लाइटरडार24डॉटकॉम’ पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, हवाई अड्डे पर कई उड़ानों के संचालन में विलंब हुआ और कुछ उड़ानें रद्द कर दी गईं और प्रस्थान में औसतन 30 मिनट से अधिक की देरी हुई।
मिंटो रोड पर पानी में समाई कार-बस
वहीं, मिंटो रोड में एक बार फिर भयावह दृश्य देखने को मिला, जहां एक कार लगभग पूरी तरह पानी में डूबी हुई दिखाई दी। इसके अलावा एक बस पर पानी में आधी डूबी हुई थी। मोती बाग इलाके में भी ऐसी ही स्थिति देखी गई। मोती बाग, मिंटो रोड, दिल्ली छावनी और दीन दयाल उपाध्याय मार्ग सहित शहर के कई सड़क मार्ग आंशिक रूप से जलमग्न हो गए, जबकि कई इलाकों में पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए।
