Thane News: महाराष्ट्र के ठाणे शहर में पुलिस की अनैतिक मानव तस्करी प्रतिबंधक शाखा (Anti-Human Trafficking Cell) ने एक बड़े हाई-प्रोफाइल सेक्स रॅकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुंबई की रहने वाली एक ऐसी महिला को गिरफ्तार किया है, जो खुद वेब सीरीज और भोजपुरी फिल्मों में काम कर चुकी है और मनोरंजन जगत से जुड़ी अन्य युवतियों को वेश्याव्यवसाय में धकेलने का काम कर रही थी। पुलिस टीम ने वागले एस्टेट परिसर स्थित होटल साई टच रेस्टोरेंट एंड बार में जाल बिछाकर इस कार्रवाई को अंजाम दिया। इस दौरान आरोपी अभिनेत्री को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया और उसके चंगुल से 2 पीड़ित युवतियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
होटल में फर्जी ग्राहक भेजकर बिछाया गया जाल
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अनैतिक मानव तस्करी प्रतिबंधक शाखा को सूचना मिली थी कि मुंबई की एक अभिनेत्री फिल्मों और वेब सीरीज में काम की तलाश कर रही युवतियों को ज्यादा पैसों का लालच देकर वेश्यावृत्ति के दलदल में धकेल रही है।सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से वागले एस्टेट स्थित होटल साई टच में फर्जी ग्राहक बनाकर संपर्क साधा। जैसे ही आरोपी महिला दो अन्य युवतियों के साथ सौदेबाजी के लिए तय स्थान पर पहुंची, पुलिस की टीम ने तुरंत उसे धर दबोचा।
पीड़ित युवतियां सुधारगृह भेजी गईं
रेस्क्यू कराई गई दोनों युवतियां भी हिंदी-मराठी वेब सीरीज और भोजपुरी फिल्मों में काम कर चुकी हैं। पुलिस ने उनकी सुरक्षा और संरक्षण को ध्यान में रखते हुए प्रक्रिया पूरी कर उन्हें महिला सुधारगृह भेज दिया है। मामले में ठाणे के श्रीनगर पुलिस स्टेशन में अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम (PITA - Prevention of Immoral Traffic Act) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी महिला का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया है। श्रीनगर पुलिस इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि इस रैकेट के तार मनोरंजन उद्योग के किन-किन लोगों से जुड़े हुए हैं और अब तक कितनी लड़कियों को इसका शिकार बनाया जा चुका है।
