शहर

Aurangabad News: औरंगाबाद में ट्रक और एसयूवी के बीच जोरदार टक्कर, एक ही परिवार के तीन सदस्यों की दर्दनाक मौत

Aurangabad News:औरंगाबाद के रतनुआ पेट्रोल पंप के पास एक एसयूवी और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस घटना में पिता-पुत्र समेत एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

Image

ट्रक और एसयूवी के बीच जोरदार भिड़ंत ( प्रतीकात्मक तस्वीर)

Aurangabad News: जिंदगी और सफर का कोई भरोसा नहीं होता। कब कौन सा मोड़ किस अनहोनी से मिला दे, यह कोई नहीं जानता। बिहार के औरंगाबाद जिले में एक ऐसा ही दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां सड़क हादसे में पित-पुत्र समेत एक ही परिवार के तीन सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। तो आइए, जानते हैं क्या है पूरा मामला?

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, परिवार के मुखिया राजकुमार चौहान मुंबई में रहकर मेहनत-मजदूरी करते थे। हाल ही में वह अपनी पत्नी और 8 वर्षीय बेटे रितेश के साथ मुंबई से बस द्वारा उत्तर प्रदेश के वाराणसी पहुंचे थे। वाराणसी से आगे का सफर तय करने के लिए परिवार ने एसयूवी गाड़ी का सहारा लिया। उनके साथ अन्य रिश्तेदार नीतीश और ससुर भगवान दास भी मौजूद थे। सभी लोग एसयूवी में सवार होकर वाराणसी से अपने पैतृक गांव नवादा के लिए बड़े ही उत्साह के साथ निकल पड़े। परिवार को उम्मीद थी कि जल्द ही वे अपने घर अपनों के बीच होंगे, लेकिन किसे पता था कि रास्ते में मौत उनका इंतजार कर रही है। गुरुवार सुबह करीब पांच बजे जब यह एसयूवी औरंगाबाद टाउन थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर स्थित रतनुआ पेट्रोल पंप के पास पहुंची, तो अचानक उनकी गाड़ी की एक तेज रफ्तार ट्रक से भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एसयूवी के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर चीख-पुकार मच गई।

जांच में जुटी पुलिस

आसपास के लोगों और राहगीरों ने तुरंत इस घटना की सूचना पुलिस को दी। औरंगाबाद टाउन थाना के प्रभारी बाबन बैठा अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बताया कि हादसा इतना भयानक था कि 8 वर्षीय मासूम रितेश और उसके नाना भगवान दास ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल राजकुमार चौहान समेत तीन अन्य लोगों को तुरंत नजदीकी औरंगाबाद सदर अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने राजकुमार की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए गया स्थित मगध मेडिकल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान राजकुमार चौहान की भी सांसे थम गईं। इस तरह एक ही परिवार के तीन लोगों की इस हादसे में मौत हो गई। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के पैतृक गांव सलेमपुर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, स्थानीय पुलिस ने दुर्घटना में शामिल वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की छानबीन कर रही है।

Kaushlendra Pathak
कौशलेंद्र पाठकauthor

कौशलेंद्र पाठक टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कार्यरत हैं। मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री हासिल करने के बाद उनका सफर ग्राउंड रिपोर्टिंग से डिजिटल डेस्क तक फैला, जहां उन्होंने कंटेंट की विविध शैलियों को नजदीक से समझा। अजब-गजब, अनोखी, सोशल और ट्रेंडिंग कंटेंट पर उनकी गहरी पकड़ और तेज न्यूज सेंस ने उन्हें डिजिटल दुनिया में एक अलग पहचान दिलाई। वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कौशलेंद्र का ध्यान हमेशा ऐसे कंटेंट पर रहता है जो रीडर्स को नई, दिलचस्प और अनजानी कहानियों से रूबरू कराए—हर बार कुछ अलग, कुछ नया।

और पढ़ें
End of Article