Thane News: महाराष्ट्र के ठाणे के मुंब्रा इलाके में तेज बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। जानकारी के मुताबिक बारिश के पानी में फैले करंट की चपेट में आने से 16 से 17 वर्षीय एक किशोरी की मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। बता दें कि मुंब्रा के स्थित यास्मीन पार्क की बी विंग में रहने वाली किशोरी किसी काम से इमारत के बाहर निकली थी। इसी दौरान बारिश के पानी में उतरे करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गई।
मामले की जांच शुरू
ऐसे में परिजनों और स्थानीय लोगों ने तुरंत किशोरी को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस प्रशासन के अधिकारी और स्थानीय नगरसेवक पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
आखिर कैसे उतरा पानी में करंट?
अब सवाल यह उठ रहा है कि आखिर बारिश के पानी में करंट फैला कैसे और इस हादसे के लिए आखिर कौन जिम्मेदार है? फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं। नगरसेवक शोएब डोंगरे ने घटना को लेकर जानकारी देते हुए प्रशासन से इलाके में विद्युत सुरक्षा व्यवस्था की जांच कराने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है।
मुंबई में खुले मैनहोल में गिरने से व्यक्ति की मौत
इसी बीच मुंबई में भारी बारिश के बीच खुले मैनहोल में गिरने से 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। अग्निशमन दल और नगर निगम की आपदा प्रबंधन टीम ने संयुक्त रूप से खोज एवं बचाव अभियान चलाया, जिसके बाद व्यक्ति का शव बरामद कर लिया गया। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अधिकारियों के अनुसार तीन संविदा कर्मचारियों ने रखरखाव कार्य करने के लिए मैनहोल का ढक्कन हटाया था, तभी कथित रूप से मोबाइल फोन पर बात करते समय व्यक्ति अनजाने में उसमें गिर गया। खैरानी रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में दिखा कि असलम इस्हाक शेख नामक व्यक्ति एक टेम्पो के पास से गुजरते हुए अचानक गायब हो गया।
इसे भी टाइम्स नाउ नवभारत पर पढ़ें- मुंबई मैनहोल हादसे के बाद एक्शन में प्रशासन, चार अधिकारियों को किया सस्पेंड; 10 लाख रुपये के मुआवजे का भी ऐलान
फुटेज में यह भी दिखा कि मौके पर मौजूद कर्मचारी खुले मैनहोल में झांक रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि कर्मचारियों ने उसे खोजने के लिए मैनहोल में एक सीढ़ी डाली, लेकिन उन्हें केवल उसकी छतरी और चप्पलें मिलीं। तत्काल यह स्पष्ट नहीं हो सका कि मैनहोल सीवर लाइन से जुड़ा था या बरसाती नाले से। अधिकारियों ने बताया कि तेज पानी के बहाव के कारण शुरू में यह पता लगाना संभव नहीं था कि वह बहकर किस दिशा में गया। उन्होंने कहा कि बाद में व्यक्ति उस स्थान से कुछ दूरी पर मिला जहां वह गिरा था। एक अधिकारी ने कहा, " उपकरण से लैस एक दमकलकर्मी अंडर ग्राउंड में लाइन में उतरा और व्यक्ति के शव को बाहर निकाला गया।"
