बिजनेस

Goldman Sachs ने बताया 2027 में कैसे रहेंगे दुनिया के आर्थिक हालात, क्यों कायम रहेगा भारत का दबदबा?

गोल्डमैन सैक्स ने अगले साल यानी 2027 के आर्थिक हालात को लेकर एक रिपोर्ट जारी की है। इस रिपोर्ट में पूरी दुनिया के साथ ही भारत की इकोनॉमिक ग्रोथ का अनुमान दिया गया है।

Image

गोल्डमैन सैक्स ने बताया भारत रहेगा नंबर 1

Goldman Sachs India GDP Growth Rate : दुनिया की अर्थव्यवस्था के लिए साल 2027 स्थिर ग्रोथ वाला रह सकता है, लेकिन इस दौरान भारत की रफ्तार एक बार फिर दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं को पीछे छोड़ सकती है। इतना ही नहीं, भारत की ग्रोथ को लेकर Goldman Sachs का अनुमान अर्थशास्त्रियों के औसत अनुमान से भी बेहतर है।

अमेरिकी निवेश बैंक Goldman Sachs ने अपनी ताजा रिपोर्ट में अनुमान जताया है कि 2027 में भारत की GDP ग्रोथ 7.2% रह सकती है। यह रिपोर्ट में शामिल प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में सबसे ऊंची विकास दर है।

दूसरी ओर, दुनिया की GDP ग्रोथ 2026 के 2.7% से बढ़कर 2027 में 2.8% रहने का अनुमान है। यानी वैश्विक अर्थव्यवस्था की रफ्तार में मामूली सुधार हो सकता है। सस्ती होती ऊर्जा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर बढ़ता निवेश और वित्तीय परिस्थितियों में बदलाव इस ग्रोथ को प्रभावित करेंगे।

भारत की ग्रोथ सबसे ज्यादा

भारत के मामले में एक और अहम बात यह है कि Goldman Sachs का अनुमान बाजार के औसत अनुमान से बेहतर है। अर्थशास्त्रियों का कंसेंसस अनुमान 2027 में भारत की ग्रोथ 6.8% रहने का है। यानी Goldman Sachs इससे 0.4 प्रतिशत अंक ज्यादा ग्रोथ की उम्मीद कर रहा है। हालांकि, भारत की विकास दर में पिछले साल के मुकाबले कुछ सुस्ती आ सकती है। Goldman Sachs ने 2026 के लिए भारत की GDP ग्रोथ 7.9% रहने का अनुमान लगाया है, जो 2027 में घटकर 7.2% हो सकता है।

चीन से भी काफी आगे रहेगा भारत

रिपोर्ट के आंकड़ों से भारत और चीन की आर्थिक रफ्तार के बीच बड़ा अंतर दिखाई देता है। चीन की 2027 में 4.5% ग्रोथ रहने की उम्मीद है, जबकि भारत के लिए यह अनुमान 7.2% है। चीन के मामले में Goldman Sachs का अनुमान 4.4% के बाजार औसत से थोड़ा ही ज्यादा है।

Goldman Sachs के मुताबिक, चीन की ग्रोथ को मजबूत निर्यात और बढ़ते ट्रेड सरप्लस से सहारा मिल सकता है। हालांकि, वहां घरेलू मांग कमजोर रहने का अनुमान है। इससे दुनिया की GDP ग्रोथ पर 0.1 प्रतिशत अंक का दबाव आ सकता है। जर्मनी जैसे मैन्युफैक्चरिंग आधारित देशों पर इसका असर ज्यादा रहने की आशंका है।

2027 में सस्ता हो सकता है कच्चा तेल

Goldman Sachs के अनुमान में 2027 की वैश्विक आर्थिक तस्वीर को बेहतर बनाने वाला एक अहम फैक्टर ऊर्जा की कीमतें हैं। बैंक के कमोडिटी रणनीतिकारों का अनुमान है कि मिडिल ईस्ट में सप्लाई सामान्य होने के साथ ब्रेंट क्रूड की कीमत 2027 के अंत तक घटकर 78 डॉलर प्रति बैरल तक आ सकती है। लिक्विफाइड नेचुरल गैस (LNG) की वैश्विक कीमतों में भी सामान्य स्थिति लौटने की उम्मीद है।

AI पर निवेश बढ़ाएगा ग्रोथ

2027 में वैश्विक आर्थिक ग्रोथ को रफ्तार देने वाला दूसरा बड़ा फैक्टर AI निवेश हो सकता है। Goldman Sachs का अनुमान है कि दुनिया में AI पर कुल निवेश 2026 के 1.1 ट्रिलियन डॉलर से बढ़कर 2027 में 1.8 ट्रिलियन डॉलर पहुंच सकता है।

महंगाई में राहत, लेकिन ब्याज दरों पर नजर

ऊर्जा की कीमतों में संभावित गिरावट के कारण 2027 में महंगाई की रफ्तार भी धीमी पड़ सकती है। अमेरिका में कोर PCE महंगाई दिसंबर 2026 के 3.2% से घटकर दिसंबर 2027 तक 2.4% पर आ सकती है। अमेरिकी फेडरल रिजर्व के दिसंबर और मार्च में दरें बढ़ाने की संभावना जताई गई है। इसके बाद महंगाई में नरमी आने पर दिसंबर 2027 में एक बार दर कटौती का अनुमान है। यूरोपीय सेंट्रल बैंक के भी दिसंबर के बाद 2027 की चौथी तिमाही में दरों को घटाकर 2.25% के स्तर की ओर ले जाने का अनुमान है।

इन वजहों से बिगड़ सकता है गणित

Goldman Sachs ने अपने अनुमान के साथ कुछ बड़े जोखिम भी गिनाए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान में तनाव दोबारा बढ़ने से ऊर्जा की कीमतों में तेजी आ सकती है। इसके अलावा, बड़े सरकारी वित्तीय घाटे के कारण लंबी अवधि की ब्याज दरें बढ़ सकती हैं। AI पर उम्मीद से कम निवेश, क्षमता से जुड़ी सीमाएं, रेगुलेशन और क्रेडिट मार्केट में तनाव भी वैश्विक ग्रोथ पर दबाव डाल सकते हैं।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article