शहर

‘किसी के बाप का हिंदुस्तान थोड़ी है’... गानों पर पाबंदी मांग के बीच दिलजीत दोसांझ का पोस्ट

दिलजीत दोसांझ ने 15 नवंबर की रात इंस्टाग्राम पर एक कॉन्सर्ट वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह राहत इंदौरी का शेर ‘किसी के बाप का हिंदुस्तान थोड़ी है’ पढ़ते सुनाई दिए।

Image

दिलजीत दोसांझ (Photo: Instagram| Diljit Dosanjh)

पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ एक बार फिर अपने गानों को लेकर चर्चा में हैं। अहमदाबाद में 21 नवंबर को होने वाले उनके कॉन्सर्ट से पहले जिला बाल संरक्षण इकाई (DCPU) ने शराब, नशीले पदार्थों और हथियारों को बढ़ावा देने वाले गाने नहीं गाने की मांग की है। इस बीच दिलजीत ने 15 नवंबर की रात अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक कॉन्सर्ट का वीडियो पोस्ट किया है। इसमें वह मशहूर शायर राहत इंदौरी के शेर के जरिए अपनी बात रखते नजर आ रहे हैं। वीडियो में दिलजीत कहते सुनाई देते हैं, 'ये नहीं गाना है, वो नहीं गाना है, ये नहीं कर सकते, वो नहीं कर सकते, हमारे मुंह से जो निकले वही सदाकत है।' इसके बाद वह राहत इंदौरी का शेर पढ़ते हैं, 'सभी का खून शामिल है यहां की मिट्टी में, किसी के बाप का हिंदुस्तान थोड़ी है।'

दिलजीत ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया कॉन्सर्ट का वीडियो

दिलजीत दोसांझ ने 15 नवंबर की रात 9 से 10 बजे के बीच अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर यह वीडियो शेयर किया। वीडियो में वह मंच से राहत इंदौरी के शेर के माध्यम से अपनी बात कहते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो इंदौर में हुए उनके लाइव कॉन्सर्ट का हो सकता है, हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। दिलजीत की इस पोस्ट को अहमदाबाद कॉन्सर्ट से पहले गानों पर पाबंदी लगाने की मांग से जोड़कर देखा जा रहा है।

अहमदाबाद कॉन्सर्ट से पहले DCPU ने की ये मांग

दरअसल, अहमदाबाद में 21 नवंबर को दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट होने वाला है। इससे पहले जिला बाल संरक्षण इकाई (DCPU) ने 6 नवंबर को अहमदाबाद पुलिस कमिश्नर अनुपम सिंह गेहलोत को पत्र लिखकर कुछ गानों पर रोक लगाने का अनुरोध किया था। विभाग ने मांग की थी कि कॉन्सर्ट में शराब, नशीले पदार्थों और हथियारों को बढ़ावा देने वाले गाने न गाए जाएं। इसके अलावा बच्चों को मंच पर न बुलाने और कॉन्सर्ट के दौरान कारतूस या बुलेट बेल्ट नहीं पहनने का भी अनुरोध किया गया था।

इन गानों पर DCPU ने जताई आपत्ति

DCPU ने दिलजीत के कुछ गानों के बोल पर आपत्ति जताई है। इनमें 'पटियाला पेग', '5 तारा ठेके', 'जेब विचों फीम लभिया' और 'जट्ट उठे फायर करदा जित्थे पाबंदी हथियारां दी' जैसे गाने शामिल हैं। विभाग ने अपनी मांग के समर्थन में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के 22 जुलाई 2019 के फैसले और केंद्र सरकार के 'नशा मुक्त भारत अभियान' का भी हवाला दिया है।

कॉन्सर्ट से पहले चर्चा में आई दिलजीत की पोस्ट

DCPU की मांग और दिलजीत की इंस्टाग्राम पोस्ट एक ही समय चर्चा में आने से अहमदाबाद कॉन्सर्ट को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। हालांकि, दिलजीत ने अपनी पोस्ट में DCPU के पत्र या अहमदाबाद कॉन्सर्ट को लेकर सीधे तौर पर कोई टिप्पणी नहीं की है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article