Maihar Accident News: मध्य प्रदेश के मैहर जिले में नेशनल हाईवे-30 पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जहां एक तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ऑयल टैंकर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा टैंकर में फंस गया और कुछ ही देर में उसमें आग लग गई। जलती हुई कार टैंकर के साथ काफी दूर तक घिसटती रही। हादसे में कार सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। गनीमत रही कि तीनों की जान बच गई। हादसे की सूचना मिलने पर मैहर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
सिमरन होटल के पास हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, हादसा मैहर में नेशनल हाईवे-30 पर सिमरन होटल के पास हुआ। जबलपुर से सिंगरौली जा रही कार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही थी। इसी दौरान ड्राइवर ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया। जिससे कार आगे चल रहे ऑयल टैंकर के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर के बाद कार का अगला हिस्सा टैंकर में फंस गया और उसमें तेजी से आग लग गई।
टैंकर चालक की सूझबूझ से अलग हुई कार
हादसे के बाद कार टैंकर में फंसी हुई आग की लपटों के बीच कुछ दूर तक घिसटती रही। इस दौरान टैंकर चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को जिग-जैग तरीके से चलाया। इससे कार टैंकर से अलग हो गई। इसके बाद कार पूरी तरह आग की लपटों से घिर गई। हाईवे पर जलती कार को देखकर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।
राहगीरों ने पहुंचाया अस्पताल
मौके से गुजर रहे राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। थाना प्रभारी अभिषेक सिंह परिहार के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हुई। एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को नागपुर मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल पहुंचाया गया। वहीं, फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार में लगी आग पर काबू पाया।
नशे की आशंका, मेडिकल जांच के बाद होगी पुष्टि
हादसे की जानकारी मिलने पर थाना प्रभारी खुद अस्पताल पहुंचे और घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने पूरे घटनाक्रम से वरिष्ठ अधिकारियों को भी अवगत कराया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कार सवार युवकों के नशे की हालत में होने की आशंका जताई गई है। हालांकि, इसकी पुष्टि मेडिकल जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और तीनों घायलों का इलाज जारी है।
