Mumbai Open Drain Tragedy: मुंबई के साकिनाका में खुले मैनहोल में गिरने से 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। इस मामले को लेकर प्रशासन ने मुआवजे का ऐलान किया। साथ ही चार अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया।
हादसे की जांच के आदेश
मुंबई की मेयर रितु तावड़े ने हादसे को दुखद बताते हुए कहा कि बुजुर्ग मैनहोल में जाकर गिरे और उनकी मौत हो गई। इस मामले में चार अधिकारियों को तत्काल सस्पेंड किया गया है। समाचार एजेंसी पीटीआई के साथ बातचीत में रितु तावड़े ने बताया, ''रेड अलर्ट जारी करने के बावजूद यहां पर काम शुरू किया गया और काम शुरू होने के बाद उन्होंने न तो बैरिकेड्स लगाए और न ही वह खुद वहां मौजूद थे।''
उन्होंने कहा कि बेचारा असलम शेख जी यहां से आ रहे थे और मैनहोल में जाकर गिर गए और उनकी मौत हो गई। यह प्रशासन की गलती है। उन्होंने कहा, ''हमने ऑन द स्पॉट यहां के चार अधिकारियों को निलंबित कर दिया और पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपये की मदद की पेशकश की।'' मेयर रितु तावड़े ने बताया कि इस मामले को लेकर जांच कमेटी बैठाई गई है। दो साल पहले जब कॉन्ट्रैक्ट दिया गया था, तो इसको पूरा करने में इतना समय क्यों लगा?
बुजुर्ग का शव बरामद
मुंबई में भारी बारिश के बीच खुले मैनहोल में अचानक बुजुर्ग गिर गया। इसके बाद अग्निशमन दल और नगर निगम की आपदा प्रबंधन टीम ने मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। हालांकि, बुजुर्ग को बचा नहीं पाए, लेकिन उनका शव बरामद कर लिया गया है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: भारत का पहला निजी रॉकेट उड़ान के लिए तैयार, विक्रम-1 कब और कहां से होगा लॉन्च? जानें इसकी खासियत
क्यों हुआ हादसा?
बीएमसी के अधिकारियों के मुताबिक, तीन संविदा कर्मचारियों ने रखरखाव कार्य करने के लिए मैनहोल का ढक्कन हटाया था, तभी कथित रूप से मोबाइल फोन पर बात करते समय व्यक्ति अनजाने में उसमें गिर गया। खैरानी रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में दिखा कि असलम इस्हाक शेख नामक व्यक्ति एक टेम्पो के पास से गुजरते हुए अचानक गायब हो गया। फुटेज में यह भी दिखा कि मौके पर मौजूद कर्मचारी खुले मैनहोल में झांक रहे हैं।
