शहर

T20 World Cup Final के लिए गंगा आरती में उमड़ा क्रिकेट प्रेमियों का सैलाब; काशी, अयोध्या और प्रयागराज में विशेष प्रार्थना

टी-20 विश्व कप 2026 के फाइनल में भारत की जीत के लिए प्रयागराज, वाराणसी और अयोध्या में विशेष पूजा-अर्चना की गई। फैन्स ने गंगा तट पर आरती और हवन कर टीम इंडिया की सफलता की दुआ मांगी।

Image

टीम इंडिया के जीत को लेकर हुई विशेष प्रार्थना (Screengrab: ANI)

Photo : ANI

T20 World Cup Final: टी-20 विश्व कप के फाइनल मुकाबले का रोमांच इस समय सातवें आसमान पर है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच अहमदाबाद में होने वाले इस महामुकाबले से पहले पूरे देश में दुआओं और प्रार्थनाओं का दौर शुरू हो गया है। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से लेकर वाराणसी और अयोध्या तक, हर कोई अपनी टीम की जीत के लिए भगवान की शरण में है। टी-20 विश्व कप का खिताब एक बार फिर भारत आए, इसके लिए सरहद से लेकर संगम तक बस एक ही गूंज सुनाई दे रही है। रविवार शाम अहमदाबाद में होने वाले भारत-न्यूजीलैंड फाइनल मैच से पहले शनिवार की शाम संगम नगरी प्रयागराज के रामघाट पर आस्था का एक भव्य स्वरूप देखने को मिला।

गंगा की लहरों के बीच 'विजयी भव' का उद्घोष

संगम तट पर आयोजित प्रसिद्ध हरिहर गंगा आरती में इस बार सिर्फ भक्त ही नहीं, बल्कि बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी और स्थानीय क्रिकेटर भी शामिल हुए। हाथ जोड़कर और गंगा की पावन लहरों को साक्षी मानकर सभी ने एक स्वर में भारतीय टीम की ऐतिहासिक जीत की प्रार्थना की। प्रशंसकों का मानना है कि मां गंगा का आशीर्वाद मैदान पर मौजूद खिलाड़ियों को मानसिक शक्ति प्रदान करेगा।

वाराणसी से अयोध्या तक गूंजी जीत की दुआएं

यही नजारा धर्म नगरी वाराणसी में भी दिखा, जहां क्रिकेट फैन्स गंगा के घाटों पर तिरंगा लेकर एकत्रित हुए। वहीं, रामनगरी अयोध्या में पुजारियों और प्रशंसकों ने अपने पसंदीदा क्रिकेटरों की तस्वीरों के साथ विशेष अनुष्ठान किए। कानपुर में तो फैन्स ने टीम इंडिया की सफलता के लिए बाकायदा हवन-पूजन किया और खिलाड़ियों की तस्वीरों पर तिलक लगाकर उनकी जीत की मन्नत मांगी।

अहमदाबाद में महामुकाबला, देशभर में उत्साह

आज शाम अहमदाबाद के मैदान पर जब भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ उतरेगी, तो उनके साथ करोड़ों भारतीयों की दुआएं होंगी। फैन्स को अपनी टीम पर पूरा भरोसा है कि इस बार विश्व कप की ट्रॉफी भारत की झोली में ही गिरेगी। मंदिरों से लेकर गंगा तट तक का यह माहौल बता रहा है कि भारत में क्रिकेट महज एक खेल नहीं, बल्कि एक भावना और जुनून है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article