शहर

पंजाब-हरियाणा में बारिश से किसानों को भारी नुकसान, अनाज मंडियों में जलभराव से धान बर्बाद, प्रशासन पर लापरवाही के आरोप

पंजाब के फाजिल्का और हरियाणा के अंबाला की अनाज मंडियों में बारिश के बाद जलभराव हो गया, जिससे बड़ी मात्रा में धान की बोरियां पानी में डूब गईं। किसानों ने प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।

Image

पंजाब-हरियाणा की मंडियों में धान भीगा

Photo : ANI

Punjab Haryana Grain Market Waterlogging: पंजाब और हरियाणा में हुई भारी बारिश किसानों के लिए आफत बन गई है। फाजिल्का और अंबाला में अनाज मंडियों में बारिश का पानी भर गया है। इससे मंडियों में रखी धान की बड़ी मात्रा में बोरियां पानी में डूब गईं और फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। किसानों ने आरोप लगाया है कि जलनिकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें यह नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं, मौसम विभाग ने हरियाणा के अंबाला में 15 अक्टूबर तक बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई है, जिससे मंडियों में रखे धान को लेकर चिंता और बढ़ गई है।

फाजिल्का मंडी में जलभराव से धान खराब

फाजिल्का की अनाज मंडी में हाल ही में हुई बारिश के बाद भारी जलभराव हो गया, जिससे बड़ी मात्रा में कटी हुई फसल पानी में डूब गई। किसानों का कहना है कि मंडी में पानी की निकासी का उचित इंतजाम नहीं होने के कारण हर बार बारिश के दौरान ऐसी स्थिति बन जाती है। न्यूज एजेंसी ANI के अनुसार, एक किसान ने कहा कि मंडी में पानी निकलने का रास्ता नहीं है। उन्होंने बताया कि धान की कई बोरियां उनकी हैं और छह महीने की कड़ी मेहनत के बाद तैयार हुई फसल अब बर्बाद हो चुकी है। उनके मुताबिक, यदि समय पर पानी निकल जाता तो नुकसान इतना अधिक नहीं होता।

अंबाला में भी किसानों की फसल प्रभावित

हरियाणा के अंबाला में भी कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जहां बारिश के पानी ने स्थानीय अनाज मंडी को जलमग्न कर दिया और धान के बोरे पानी में डूब गए। किसानों ने आरोप लगाया कि यह नुकसान अधिकारियों की भारी लापरवाही और जल निकासी व भंडारण सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम न करने के कारण हुआ है।

15 अक्टूबर तक बारिश का अनुमान

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, अंबाला में 15 अक्टूबर तक बारिश और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना है। साथ ही तेज सतही हवाएं भी चल सकती है। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, फाजिल्का में भी अगले कुछ दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश या गरज-चमक की संभावना है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article