राजधानी दिल्ली में बसने का सपना बहुत से लोगों का होता है, लेकिन राजधानी में अपना घर होना किस्मत की बात है। अगर आपका भी सपना दिल्ली में अपने घर का है तो समझ लीजिए आपकी किस्मत खुल गई है। क्योंकि दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने खासतौर पर आपके लिए नई हाउसिंग स्कीम लॉन्च कर दी है। DDA की इस हाउसिंग आवास निवेश योजना 2026 के तहत नरेला में कम कीमत पर फ्लैट खरीदने का मौका मिलेगा। इस योजना की खास बात यह है कि 25 फीसद छूट के बाद कुछ फ्लैटों की कीमत लगभग 15 लाख रुपये तक हो सकती है। ऐसे में अगर आप कम बजट में दिल्ली में घर तलाश रहे हैं तो यह योजना आपकी लिए खास हो सकती है।
दिल्ली-एनसीआर में प्रॉपर्टी की कीमतें लगातार आसमान छू रही हैं। ऐसे में यहां निजी बिल्डरों के महंगे फ्लैट ज्यादातर मिडिल और लोअर मिडिल क्लास लोगों की पहुंच से बाहर हो गए हैं। अगर आप इस योजना के तहत फ्लैट खरीदने का विचार कर रहे हैं तो आवेदन करने से पहले फ्लैट की कीमत, लोकेशन, अपनी पात्रता और भुगतान से जुड़ी शर्तों को जरूर समझ लें।
DDA Awas Nivesh Yojana के फ्लैट कहां मिलेंगे?
DDA के आधिकारिक सर्कुलर के मुताबिक, आवास निवेश योजना 2026 के तहत कुल 2516 LIG फ्लैट उपलब्ध कराए जा रहे हैं। ये सभी फ्लैट नरेला के सेक्टर G2-G6 में पॉकेट 3 और पॉकेट 6 में स्थित हैं। DDA ने इन फ्लैटों की कीमत पर सीधे-सीधे 25 फीसद छूट देने का फैसला किया है।
पॉकेट 3, नरेला
कीमत - 15.01 लाख रुपये
कुल कितने फ्लैट - 1020
कितना बड़ा फ्लैट - लगभग 49.90 वर्ग मीटर (537.12 स्क्वायर फीट)
पॉकेट 6, नरेला
कीमत - 14.95 लाख
कुल कितने फ्लैट - 1496
कितना बड़ा फ्लैट - लगभग 49.90 वर्ग मीटर (537.12 स्क्वायर फीट)
बता दें कि ऊपर दी गई फ्लैट की कीमतें 25 फीसद छूट के बाद हैं। मेंटेनेंस चार्ज, GST और लागू अन्य शुल्क अलग हो सकते हैं।
बता दें कि बताया गया क्षेत्रफल प्लिंथ एरिया है, जिसमें बालकनी और कॉमन एरिया भी शामिल हैं। हालांकि, प्रत्येक फ्लैट का वास्तविक क्षेत्रफल अलग होने पर उसकी अंतिम कीमत में भी कुछ बदलाव हो सकता है।
कब से शुरू होगा रजिस्ट्रेशन और बुकिंग?
अगर आप DDA की इस योजना के तहत फ्लैट खरीदने का मन बना चुके हैं तो इसके लिए जरूरी तारीखें भी जान लें। यहां हम नीचे ब्रोशर डाउनलोड से लेकर रजिस्ट्रेशन और फ्लैट बुकिंग आदि की डेट्स बता रहे हैं -
प्रक्रिया तारीख और समय
- ब्रोशर डाउनलोड 13 अक्टूबर 2026, दोपहर 12 बजे
- रजिस्ट्रेशन शुरू 14 अक्टूबर 2026, दोपहर 12 बजे
- फ्लैट बुकिंग शुरू 20 अक्टूबर 2026, दोपहर 12 बजे
- बुकिंग राशि 1 लाख रुपये
- पोर्टल रजिस्ट्रेशन फीस 2500 रुपये, एक बार और नॉन-रिफंडेबल
फ्लैट की बुकिंग DDA के आधिकारिक Awaas Portal के जरिए होगी। जिन लोगों ने पहले ही पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन किया हुआ है, उन्हें दोबारा रजिस्ट्रेशन कराने की जरूरत नहीं है।
फ्लैट के लिए आवेदन कहां करें: आप इस योजना के तहत फ्लैट खरीदना चाहते हैं तो आपको DDA की आधिकारिक वेबसाइट eservices.dda.org.in पर जाना होगा। आवेदन करने से पहले योजना का ब्रोशर पढ़ें और पात्रता व भुगतान की पूरी शर्तें भी अच्छी तरह से जांच-परख लें।
फ्लैट खरीदने से पहले इन बातों का ध्यान रखें
लगभग 15 लाख रुपये में दिल्ली में फ्लैट मिलने की खबर निश्चित रूप से बजट में घर तलाश रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है। लेकिन यह समझना जरूरी है कि बताई गई कीमत में मेंटेनेंस चार्ज, GST, पानी के कनेक्शन और जहां लागू हो, कन्वर्जन चार्ज शामिल नहीं हैं। ये शुल्क डिमांड-कम-अलॉटमेंट लेटर जारी करते समय लागू दरों के अनुसार मांगे जा सकते हैं।
नरेला को एजुकेशन हब की तरह बसाया जा रहा है, लेकिन नरेला की मौजूदा लोकेशन, अपने ऑफिस तक पहुंचने में लगने वाला समय, आसपास की सुविधाएं और रोजाना के आवागमन का खर्च भी आपको ध्यान में रखना चाहिए। सिर्फ शुरुआती कीमत देखकर फैसला करने के बजाय कुल खर्च का आकलन करना बेहतर होगा।
DDA की यह योजना उन लोगों के लिए एक अच्छा विकल्प है जो दिल्ली में कम बजट का घर खरीदना चाहते हैं। आवेदन से पहले आधिकारिक ब्रोशर में दी गई सभी शर्तों को जरूर पढ़ें। अगर संभव हो तो व्यक्तिगत तौर पर वहां जाकर फ्लैट और आसपास की लोकेशन को अच्छी तरह से देख-समझ लें।
