Nashik News: महाराष्ट्र के नासिक में शुक्रवार को एक एसयूपी कार और बाइक की टक्कर हो गई। इसमें पांच लोगों की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि यह घटना नासिक जिले में डिंडोरी के निकट हुई।
नियंत्रण खोने के बाद हुई दुर्घटना
पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना दोपहर करीब दो बजे डिंडोरी-नासिक रोड पर चिंचबारी में हुई, जब एसयूवी तीर्थनगरी वानी से नासिक की ओर आ रही थी। उन्होंने बताया कि तेज रफ्तार एसयूवी का चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और वह विपरीत दिशा से आ रही मोटरसाइकिल से टकराने के बाद सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई।
दो की मौके पर ही मौत
अधिकारी ने बताया कि एसयूवी चालक दूसरे वाहन से आगे निकलने की कोशिश कर रहा था। उन्होंने कहा कि मोटरसाइकिल चला रहे अनिल बोडके और उनके बेटे राहुल की मौके पर ही मौत हो गई, दोनों जिले के निफाड के रहने वाले थे।
दुर्घटना में तीन लोग घायल
अधिकारी ने कहा कि एसयूवी में सवार यात्रियों मुकेश कुमार यादव (25), अमन रामकेश यादव (18) और कुसुम देवी रामकेश यादव (45) की दुर्घटना में मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। उन्होंने कहा कि घायलों को नासिक शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और जांच जारी है।
