अहमदाबाद : शिक्षा के मंदिर माने जाने वाले स्कूलों में बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार का एक और चौंकाने वाला मामला अहमदाबाद के निकोल इलाके से सामने आया है। चाणक्य स्कूल में पढ़ने वाले कक्षा 10 के एक छात्र को कथित तौर पर एक शिक्षक ने बिना किसी वजह के इतना जोरदार थप्पड़ मार दिया कि उसके बाएं कान का पर्दा फट गया। घटना के बाद छात्र के परिजनों ने कृष्णानगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
घटना के बाद स्कूल की ओर से छात्र के पिता को फोन कर बताया गया कि उनका बेटा थप्पड़ लगने के बाद रो रहा है और उसे घर ले जाने के लिए कहा गया। परिजन जब स्कूल पहुंचे तो छात्र के बाएं कान से सुनाई देना लगभग बंद हो चुका था।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें - अहमदाबाद : 53 साल पुराना सुभाष ब्रिज होगा ध्वस्त, बनेगा नया 8-लेन ब्रिज; IIT रिपोर्ट के बाद बदला फैसला
बाएं कान का पर्दा फटा
परिजन छात्र को तुरंत ईएनटी विशेषज्ञ के पास लेकर गए। जांच में पता चला कि थप्पड़ की वजह से छात्र के बाएं कान का पर्दा फट गया है। कान के भीतर खून जमने और सूजन की भी पुष्टि हुई है। डॉक्टरों ने छात्र को 7 से 10 दिन तक ऑब्जर्वेशन में रखने की सलाह दी है। यदि इस दौरान स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो कान का ऑपरेशन करना पड़ सकता है।
घटना के बाद छात्र के परिजनों और स्कूल ट्रस्टियों के बीच बैठक हुई। परिजनों का दावा है कि बैठक में ट्रस्टियों और संबंधित शिक्षक ने अपनी गलती स्वीकार की। छात्र के पिता ने लिखित रूप से मांग की है कि भविष्य में यदि बच्चे को सुनने में कोई स्थायी परेशानी या अन्य चिकित्सकीय समस्या होती है तो उसकी पूरी चिकित्सा और आर्थिक जिम्मेदारी स्कूल प्रबंधन और संबंधित शिक्षक की होगी।
इस मामले में अहमदाबाद शहर के डीईओ रोहित चौधरी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही जांच के आदेश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि संबंधित शिक्षक हाल ही में स्कूल में नियुक्त हुए थे। प्राथमिक जांच के आधार पर शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है तथा विस्तृत जांच के लिए एक टीम गठित की गई है।
