शहर

'सांस अटक रही है पानी चाहिए', यात्री गिड़गिड़ाता रहा पर ट्रेन में नहीं मिली बोतल, AC कोच से Video वायरल

Indian Railway : एक्स यूजर अभिनव सिंह की पोस्ट ने भारतीय रेलवे की सुविधाओं की पोल खोल दी है। एसी ट्रेन में स्टाफ सदस्य के पानी देने से इनकार करने पर रेलवे ने खेद जताया है। आइये जानते हैं कि मामला क्या है?

Image

रेल स्टाफ ने यात्री को नहीं दिया पानी

Photo : Twitter

Indian Railway : भारतीय रेलवे अपनी सुविधाओं के लिए दंभ भरता है। दावा है कि एसी कोच में पानी, खाने और कंबल इत्यादि की बेहतर व्यवस्थाएं यात्रियों को मुहैया कराई जाती हैं, लेकिन आए दिन रेलवे कोच से यात्रियों की शिकायतें सामने आती रहती हैं। इसी प्रकार 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) के एक यूजर अभिनव सिंह ने पोस्ट साझा करते हुए दावा किया है कि हाल ही में ट्रेन यात्रा के दौरान उन्हें और उनके सह-यात्रियों को पीने के पानी के लिए संघर्ष करना पड़ा। सामने आए वीडियो में वो एक वेंडर स्टाफ सदस्य से पानी की बोतल की डिमांड करते नजर आ रहे हैं। लेकिन, स्टाफ सदस्य ने रात्रि में समय अधिक होने का हवाला देते हुए पानी की बोतल देने से इनकार कर दिया। अभिनव कह रहे हैं कि यात्री की प्यास से जान अटकी हुई है, उन्हें पानी की आवश्यकता है।

स्टाफ सदस्य का नहीं पिघला दिल

अभिनव लिखते हैं कि भारतीय रेलवे में पानी के लिए संघर्ष रियल है। मैं अकेला नहीं था, पांच और लोगों को पानी चाहिए था। मैंने स्टाफ से पानी की डिमांड की। इस दौरान यात्री की तबीयत खराब होने और जान अटकी होने का हवाला दिया गया। काफी देर तक मिन्नत करने के बाद भी स्टाफ सदस्य ने पानी देने से इनकार कर दिया। आगे उन्होंने लिखा है कि मैं दरवाजा तोड़ने ही वाला था फिर कोच में ही एक अन्य सदस्य ने उन्हें एक बोतल लाकर दी। सिंह ने इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन लिमिटेड के आधिकारिक अकाउंट को संबधित वीडियो टैग कर ये सारी बातें लिखी हैं।

दो तस्वीरें आईं सामने

सिंह ने दो तस्वीरें भी साझा की हैं। एक वीडियो में उन्हें एक रेलवे कर्मचारी से पानी मांगते हुए दिखाया गया है, जो अपने हावभाव से पानी देने से इनकार कर देता है। दूसरी तस्वीर में दो लोग पानी की बोतलें पकड़े हुए हैं। उधर, भारतीय रेलवे ने पोस्ट पर एक प्रतिक्रिया व्यक्त की। रेलवे ने उत्तर में लिखा है कि “सर, आपके अनुभव पर हमें खेद है। आपसे अनुरोध है कि आप पीएनआर और मोबाइल नंबर साझा करें। हालांकि, यह वीडियो किस ट्रेन से साझा किया गया है। इसकी सटीक जानकारी प्राप्त नहीं है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article