Vande Bharat : भारतीय रेलवे की हाईस्पीड ट्रेनों में शुमार वंदे भारत एक्सप्रेस में लग्जरी सुविधाएं पहले से ही मिल रही थीं, लेकिन अब उसके साथ एक और नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। जो गर्मियों के लिहाज से ठीक नहीं कहा जा सकता है। जी, हां ये मामला पानी से जुड़ा हुआ है। अब रेलवे दिल्ली से वाराणसी जाने वाली वंदे भारत ट्रेन (Delhi Varanasi Vande Bharat) में यात्रा करने वाले प्रत्येक यात्री को 500 मिलीमीटर यानी आधा लीटर की एक रेल नीर पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर (Rail Neer Packaged Drinking Water) (पीडीडब्ल्यू) बोतल देगा। हालांकि, ये बोतल उन्हीं यात्रियों को मिलेगी जो इसकी डिमांड करेंगे, लेकिन इसके लिए उन्हें अतिरिक्त रकम नहीं चुकानी होगी। जानकारी के मुताबिक, पीने के पानी की बर्बादी को रोकने के लिए रेलवे ने यह कदम उठाया है।
पानी की होती थी बर्बादी
हालांकि, अभी तक यात्रियों को वंदे भारत में पानी की एक लीटर बोतल मुहैया कराई जाती थी। लेकिन, अब रेलवे ने इस नियम को बदलने का फैसला लिया है। रेलवे का मानना है कि ज्यादातर लोग एक लीटर पानी निर्धारित यात्रा के समय में नहीं पी पाते। ऐसे में भारी मात्रा में पानी की बर्बादी होती थी। लिहाजा, रेलवे को यह फैसला लेना पड़ा।
शताब्दी ट्रेन में भी कटौती
इसी तरह पानी की बर्बादी सामने आने पर शताब्दी ट्रेन में भी एक लीटर की जगह आधा लीटर पानी बोतल यात्रियों को दी जाने लगी थी, जबकि शताब्दी के यात्रा का समय काफी कम रहता है। ऐसे में कई यात्री एक लीटर पानी नहीं खत्म कर पाते थे। लेकिन, गौर किया जाए तो वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का ट्रैवल टाइम शताब्दी के मुकाबले काफी ज्यादा है। ऐसे में शायद एक व्यक्ति के लिए आधा लीटर पानी पर्याप्त न हो। वहीं, जानकारी के अभाव में कई यात्री पानी नहीं मांगते। दिल्ली से बनारस तक के सफर का समय 8 घंटे है। उस स्थिति में आंकलन करें तो 1 लीटर पानी प्रत्येक यात्री के लिए पीना कोई बड़ा मसला नहीं है। रेलवे का यह फैसला कितना कारगर होगा ये आने वाले समय में साफ हो जाएगा।
