शहर

'सपा का वादा, नहीं टूटेगा नाता', अखिलेश यादव ने ठोकी 2027 की ताल, महंगाई से लेकर परिवारवाद तक पर दिया जवाब

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने स्पष्ट किया है कि उनकी पार्टी गठबंधन नहीं तोड़ेगी और उनकी मुख्य लड़ाई भाजपा के खिलाफ है। उन्होंने सरकार पर महंगाई, एथनॉल नीति और प्रति व्यक्ति आय के दावों को लेकर कड़ा हमला बोला।

Image

अखिलेश यादव का बड़ा बयान (फाइल फोटो)

Photo : ANI

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को यह स्पष्ट कर दिया कि उनकी पार्टी किसी भी कीमत पर अपना गठबंधन नहीं तोड़ेगी। उन्होंने कहा कि सपा की असली लड़ाई भारतीय जनता पार्टी की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ है। उन्होंने सत्तारूढ़ दल पर बड़े पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने और आम जनता को महंगाई की आग में झोंकने का आरोप लगाया। सपा प्रमुख ने जोर देकर कहा कि उनकी पार्टी ने हमेशा अपने वादे निभाए हैं और आगे भी सहयोगियों के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।

अखिलेश यादव ने पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि सपा का मुख्य लक्ष्य समाजवादी विचारधारा और पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) आंदोलन के जरिए सामाजिक न्याय पर आधारित सरकार बनाना है। उन्होंने कहा कि सत्ता में बैठे लोग पीडीए की बढ़ती ताकत से डरे हुए हैं और इसीलिए इसकी परिभाषाएं बदलने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, तकलीफ जितनी बढ़ेगी, पीडीए आंदोलन उतना ही ज्यादा मजबूत होकर उभरेगा।

सपा मुखिया का सरकार से सवाल

    महंगाई के मुद्दे पर सरकार को आड़े हाथों लेते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी त्योहारों के सीजन में जरूरत की चीजें लगातार महंगी हो रही हैं। पेट्रोल और डीजल के दाम आसमान छू रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब गन्ने का इस्तेमाल एथनॉल बनाने के लिए हो रहा है, तो फिर चीनी के दाम क्यों बढ़ाए जा रहे हैं? सरकार मुनाफे के लिए पेट्रोल में एथनॉल मिला रही है, लेकिन यह सारा मुनाफा आखिर किसकी जेब में जा रहा है?

    सहयोगी दलों को देंगे चार गुना से ज्यादा सीटें-अखिलेश यादव

    सरकार के प्रति व्यक्ति आय बढ़ने के दावों पर चुटकी लेते हुए अखिलेश यादव ने पूछा कि अगर देश इतनी तरक्की कर रहा है, तो उत्तर प्रदेश में 15 करोड़ लोगों को सरकारी राशन पर क्यों निर्भर रहना पड़ रहा है? इन गरीब परिवारों की वास्तविक आय क्या है, इसका जवाब सरकार को देना चाहिए।

    आगामी चुनावों में सीट बंटवारे को लेकर उन्होंने बड़ा दिल दिखाने का संकेत दिया। अखिलेश ने कहा कि सपा चाहती है कि उसके सहयोगी दलों को पहले के मुकाबले चार गुना अधिक सीटें मिलें।

    इसके अलावा, उन्होंने प्रदेश में प्राथमिक शिक्षा की बदहाली पर चिंता जताते हुए कहा कि सरकारी स्कूलों में गरीब और पिछड़े वर्ग के बच्चे पढ़ते हैं, जिनकी स्थिति सुधारना उनकी प्राथमिकता होगी। परिवारवाद के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि कभी-कभी परिवारवाद के भी अपने फायदे होते हैं, क्योंकि इसने कठिन समय में पार्टी को एकजुट रखने में मदद की है।

    monu jha
    मोनू झाauthor

    मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

    और पढ़ें
    End of Article