देश

'अपना फर्ज निभा रहे राहुल गांधी...', पैलेट गन मामले में कांग्रेस नेता के समर्थन खुलकर बोले उमर अब्दुल्ला

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आक्रामक रुख का समर्थन करते हुए कहा कि वे सरकार से सवाल पूछकर अपना संवैधानिक कर्तव्य निभा रहे हैं। दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन से युवक के घायल होने के विरोध में राहुल गांधी के 7 घंटे लंबे धरने के बाद दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।

Image

राहुल गांधी के धरने के समर्थन में उतरे उमर अब्दुल्ला

Photo : ANI

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के सरकार के प्रति आक्रामक रुख का खुलकर समर्थन किया है। शुक्रवार को श्रीनगर के पोलो व्यू के पास ’वेस्ट टू वंडर’ पार्क का उद्घाटन करने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए उमर अब्दुल्ला ने कहा कि राहुल गांधी सरकार से सवाल पूछकर और उसे जवाबदेह बनाकर बस अपना संवैधानिक कर्तव्य पूरा कर रहे हैं।

जब पत्रकारों ने राहुल गांधी के बार-बार विरोध-प्रदर्शन करने पर सवाल उठाया, तो उमर अब्दुल्ला ने मीडिया के दोहरे रवैये पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि मीडिया जहां जम्मू-कश्मीर में विपक्ष के नेता सुनील शर्मा के सवालों को तवज्जो देता है, वहीं जब राहुल गांधी केंद्र सरकार से सवाल करते हैं तो उनके इरादों पर ही शक जताया जाता है। उमर ने कहा, "आप विपक्षी नेताओं को दो अलग-अलग पैमानों से नहीं माप सकते। अगर नेता प्रतिपक्ष विरोध नहीं करेगा और सवाल नहीं पूछेगा, तो इस पद का क्या फायदा?"

साहिल लोचब के घायल होने से जुड़ा है मामला

यह पूरा घटनाक्रम दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर पैलेट गन से साहिल लोचब के घायल होने के मामले से जुड़ा है। इस घटना के विरोध में राहुल गांधी ने राष्ट्रीय राजधानी के संसद मार्ग स्थित पुलिस उपायुक्त कार्यालय के बाहर करीब सात घंटे तक धरना दिया। उनके इस कड़े रुख के बाद आखिरकार दिल्ली पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज की, जिसके बाद राहुल गांधी ने अपना धरना समाप्त किया।

इस मामले में त्वरित कार्रवाई का किया स्वागत

इस बीच, महाराष्ट्र में विपक्षी दल राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने भी इस मामले में त्वरित कार्रवाई का स्वागत किया है। राकांपा (एसपी) के प्रवक्ता क्लाइड क्रास्टो ने कहा कि दिल्ली पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज करना अच्छी बात है, लेकिन निष्पक्ष जांच के जरिए यह पता लगाया जाना चाहिए कि निहत्थे छात्रों पर पैलेट गन चलाने का आदेश किसने दिया था।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article